भारत से पिता को दवा दिलाकर नेपाल लौट रहे युवक को जवानों ने मारी गोली, मौत

नेपाली जवानों ने नो मेंस लैंड के पास अपने ही नागरिक को मार दी गोली

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। भारत नेपाल सीमा पर फायरिंग से एक बार फिर तनाव पैदा हो गया। नेपाल की ओर जा रहे नेपाली युवक को नेपाली जवानों ने ही गोली मार दी। खबर यूपी के महाराजगंज जिले से है यहां जिले से सटी नेपाल सीमा से नेपाल की ओर जा रहे युवक की नेपाली जवानों द्वारा की गयी फायरिंग में मौत हो गयी।  

घटना बुधवार की सुबह नौ बजे हुयी।  पुलिस के मुताबिक, नेपाल के रहने वाले अविनाश राजभर यहां भारतीय इलाके में पड़ने वाले बहुआर बाजार से अपने पिता को दवा दिलाकर खेतों से वापस अपने देश लौट रहा थे। इस बीच, नेपाली जवानों ने तीन राउंड फायरिंग करके उसे रोकने की कोशिश की। युवक डर गया और भागने लगा। इसी बीच जवानों ने उसे गोली मार दी। आनन-फानन में महाराजगंज पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां उसने दम तोड़ दिया। एहतियातन बॉर्डर पर पुलिस को अलर्ट किया गया है।

नेपाल की तरफ से बड़ी संख्या में लोग भारतीय इलाकों में आकर इलाज कराते हैं। यहीं से सामान लेकर जाते हैं। ऐसे में नेपाली जवानों की तरफ से हुई फायरिंग से स्थानीय लोग गुस्से में हैं। लोगों की भीड़ जुटते ही नेपाली जवान भाग खड़े हुए। महाराजगंज के सीओ निचलौल डीके उपाध्याय ने बताया कि नेपाली युवक की गोली लगने से मौत की सूचना मिली है। इस बारे में नेपाल के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।