वेस्‍ट यूपी में अभी और बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, आज 38 डिग्री तक जा सकता है पारा

तेज गर्म हवाएं चलने के आसार 
 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। मौसम अब तेजी से करवट ले रहा है। अप्रैल माह शुरू होते ही तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी थी। मौसम विभाग के अनुसार आज शनिवार दोपहर का पारा 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। दरअसल उत्‍तर पूर्व से दक्षिण पूर्व की ओर चलने वाली हवाओं की वजह से पारा ज्‍यादा गरम रहने की उम्‍मीद जतायी गयी है। आज के दिन न्‍यूनतम तापमान 22 डिग्री तक रहने की उम्‍मीद है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है आगामी 15 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस करीब रहने के आसार हैं।

बता दें कि बीते वर्ष का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को ऊपरी वायुमंडल में हवा का क्षेत्र बनने से शाम करीब चार बजे अचानक बादल छा गए थे। इससे गर्मी से लोगों को थोड़ी सी राहत मिली थी, लेकिन दोपहर में चटख धूप व वातावरण में नमी के कारण गर्मी महसूस की गई। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पुरुवा हवाएं 12 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से चलीं। हीट इंडेक्स 40 डिग्री सेल्सियस रहा।

एक डिग्री गिरा रात का तापमान

पिछले चौबीस घंटे में रात के तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आई है। दिन के तापमान में भी 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। धूल भरी हवाएं चलेंगी।

42.4 डिग्री था बीते वर्ष का अधिकतम तापमान

बीते वर्ष का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस था। यह तापमान बीते 26 मई को दर्ज हुआ था। इस वर्ष मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आगामी 15 अप्रैल तक ही दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।