यूपी: मेरठ में मनचलों से परेशान युवती ने दी जान, पुलिस बता रही दो पक्षों का विवाद

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के मेरठ में छेड़छाड़ से परेशान युवती ने आत्‍महत्‍या कर ली। मृतका के भाई ने पड़ोस के रहने वाले युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उधर पुलिस ने यह कहते हुए अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है कि य‍ह दोनों पक्षों का पुराना विवाद है। युवती की मौत के बाद भी कार्रवाई ना होने से स्‍थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति खासा रोष उत्‍पन्‍न हो गया है।

मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के मोदीनगर मोदीपुरम का यह पूरा मामला है। यहां एक युवती ने पड़ोसी लड़कों की छेड़छाड़ से तंग आकर खुदकुशी कर ली। आरोप है कि मंगलवार दोपहर को लड़की की मां के सामने ही घर में घुसकर लड़की से छेड़छाड़ की। आरोपी धमकी देते हुए चले गए। इससे आहत होकर लडक़ी ने घर में छत के पंखे से गले में चुन्नी डाल कर फांसी लगा ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। लोगों ने नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया।

छेड़छाड़ के आरोपियों के खिलाफ तहरीर

लड़की के भाई आकिब ने पड़ोस में रहने वाले शिवा, अंकुश, सनी व शानू के खिलाफ तहरीर दी है, जिसमें लड़की के भाई आकिब ने पल्लवपुरम थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले युवक मेरी बहन के साथ आए दिन छेड़छाड़ करते थे। कई बार उन्हें समझाया। लेकिन उसके बाद भी वह नहीं माने। मंगलवार दोपहर को चारों युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। इसी से तंग आकर मेरी बहन मुस्कान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस की कहानी

इंस्पेक्टर पल्लवपुरम देवेश शर्मा का कहना है कि यह मामला छेड़छाड़ का नहीं है। लड़की या उसके परिवार के किसी भी सदस्य ने इस संबंध में पूर्व में कभी कोई तहरीर या शिकायत नहीं की। थाने भी यह परिवार नहीं आया था। जांच में मामला सामने आया है कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। लड़की की मां ने आज उसे डांट दिया था, इसलिए उसने आत्महत्या कर ली। लड़की की उम्र आधार कार्ड में 18 साल 6 माह है। तहरीर के आधार पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज होगी।