यूपी: प्रेम संबंध में पहले प्रेमिका को मारी गोली, फिर खुद की खोपड़ी भी उड़ायी

लखनऊ के रेस्‍टोरेंट व्‍यवसायी और महिला का कार में मिला शव

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। राजधानी लखनऊ में एक कार में महिला और एक पुरूष का शव लहूलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गयी। सोमवार देर रात कार को लोगों ने खडे देखा, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मामला कैंट इलाके के बनिया चौराहे का है। यहां एनसीसी मेस के पास कार से दो शव बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग में पहले हत्‍या और फिर आत्‍महत्‍या की गयी है। फोरेंसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्‍थल से साक्ष्‍य लिए हैं। अभी पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। महिला के सीने में गोली मारी गयी है और पुरूष के सिर में गोली लगने का निशान है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ADCP पूर्वी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि कैंट के रामदास का हाता निवासी संजय निगम किंग किचन के नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं। वह परिवार के साथ गोमतीनगर इलाके में रहते हैं। रामदास हाता का आवास उन्होंने किराए पर उठा रखा है। सोमवार रात करीब नौ बजे संजय की कार NCC मेस के पास सूनसान इलाके में मिली। कार के अंदर ड्राइवर वाली सीट पर संजय निगम (50 साल) का खून से लथपथ शव पड़ा था। वहीं पास की सीट पर एक महिला आशा अग्रवाल (45) का शव पड़ा था। आशा के सीने में गोली लगी थी। संजय के माथे के बीच में गोली लगी है। आर्मी की पेट्रोलिंग टीम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू की।

ADCP पूर्वी ने बताया कि पुलिस ने पड़ताल शुरू की है। कार के नंबर के आधार पर मालिक का नाम व पता निकाला गया। कार संतोष शर्मा के नाम से पंजीकृत थी। वह तेलीबाग के रहने वाले हैं। पुलिस संतोष के घर गई। वहां पता चला कि कुछ दिन पहले कार को उन्होंने संजय निगम के हाथ बेची थी। कार का कागज अभी ट्रांसफर नहीं किया था। पुलिस संतोष के परिवारीजनों को साथ लेकर संजय निगम के कैंट स्थित रामदास हाता आवास पर गई। जहां पता चला कि वह गोमतीनगर में रहते हैं। पुलिस की टीम गोमतीनगर उनके घर की तलाश में जुटी है। युवती की शिनाख्त बिजली बिल की आधार पर आशा अग्रवाल के रूप में हुई है।

प्रभारी निरीक्षक कैंट नीलम राणा ने बताया कि कार में संजय निगम के पास से एक .32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर मिली। जिससे चार गोलियां चलने की पुष्टि हुई है। दो गोलियां मिस कर गई थी। वहीं एक गोली युवती और एक गोली संजय को लगी थी। पुलिस ने रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया है। उसमें चार गोलियां बरामद हुई है। जिसमें से दो गोलियां मिस बताई जा रही हैं। पुलिस ने रिवाल्वर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक संजय निगम का पत्नी से विवाद चल रहा है। उसका किसी महिला से संबंध था।

पुलिस के मुताबिक कार संदिग्ध हालात में खड़ी मिली थी। रात करीब नौ बजे आर्मी की पेट्रोलिंग टीम उधर से निकली तो संदेह हुआ। नाइट कर्फ्यू के दौरान कार संदिग्ध हालात में खड़ी देख टीम उसके करीब गई। आर्मी पेट्रोलिंग टीम को कार के अंदर बैठकर शराब पीने वालों की आशंका थी। लेकिन कार के अंदर जोड़े का शव देखकर होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। डबल मर्डर की सूचना पर इंस्पेक्टर नीलम राणा, ACP डॉ. अर्चना सिंह, ADCP एसएम कासिम आबिदी, DCP संजीव सुमन, JCP क्राइम नीलाब्जा चौधरी पहुंचे। सभी अधिकारियों ने पड़ताल की। जिसके बाद पुलिस ने दावा किया कि युवती की हत्या के बाद संजय ने खुद को गोली से उड़ाया है। मामले की जांच की जा रही है।

सुसाइड नोट में ये लिखा

फॉरेंसिक टीम को कार के अंदर दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में संजय निगम में लिखा है कि मेरी मौत की जिम्मेदार अंजू नाम की महिला है। उसने मेरी जिंदगी खराब कर दी है। वह मेरी दुकान पर कब्जा करना चाहती है। पुलिस सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर महिला के बारे में जानकारी करने में जुट गई है।

मृतक के मोबाइल नंबर से और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद स्पष्ट हो पाएगा आखिर वह महिला कौन है? वहीं पुलिस के अनुसार संजय के साथ कार में जिस महिला का शव मिला उसकी शिनाख्त कैंट इलाके की आशा अग्रवाल के रूप में हुई है। उसके पति की मौत हो चुकी है। एक बेटा व एक बेटी है दोनों के बीच संबंध के बारे में दोनों के परिवार जानते थे। संजय निगम को एक बेटी और एक बेटा है। पुलिस ने महिला के पास से मिले बिजली के बिल से उसकी शिनाख्त की है। परिजनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।