यूपी: विधानसभा पर प्रदर्शन को जाने से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष को पुलिस ने घर में किया नजरबंद

डीजल पैट्रोल के बढ़े दामों को लेकर होना था प्रदर्शन, घर की दीवार पर प्रदर्शन शुरू

 | 
घर के बाहर कार्यकर्ताओं ने शुरू किया धरना प्रदर्शन 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। उत्‍तर प्रदेश विधानसभा के बाहर डीज पैट्रोल की बढ़ी कीमतों का विरोध करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू को पुलिस ने घर में ही गिरफ़्तार कर नजरबंद कर दिया है। पुलिस ने उनके बहुखंडी सरकारी आवार पर नजरबंद किया है। आज लल्‍लू कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा पर प्रदर्शन करने जाने वाले थे कि पुलिस को इस प्रोग्राम की भनक लग गयी। लल्‍लू के आवास के बाहर फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस की घेराबंदी के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष ने घर की बाउंड्री पर आकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अजय लल्‍लू ने कहा कि यूपी की तानाशाह सरकार ने एक साल में छठी बार उन्‍हें गिरफ़्तार किया है।

सोशल मीडिया पर लिखा- पुलिस के दम पर सरकार

यूपी कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'पेट्रोल और डीजल की महंगाई को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन में जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू को तानाशाही सरकार ने प्रदर्शन से पहले ही नजरबंद कर दिया है, योगी जी पुलिस के दम पर सरकार चलाना बंद करो, चाहे जितनी पुलिस लगा लो जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लल्लू ने कार्यकर्ताओं के साथ घर के भीतर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार पूरी तरीके से तानाशाही कर रही है। कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती आई है। चाहे वह महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करना हो, हाथरस में बेटी को न्याय दिलाने का मामला हो। यूपी सरकार के भ्रष्टाचारी बेसिक शिक्षा के मंत्री सतीश द्विवेदी खिलाफ हम लोगों ने प्रदर्शन किया था। उनके भाई ने इस्तीफा जाकर दिया। हम और हमारी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। करीब 5000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी केस लिखे गए हैं। लगातार यूपी की योगी सरकार पुलिस के बल पर हम लोगों की आवाज दबाने में जुटी हैं। आज हम प्रदर्शन करने पेट्रोल टंकी के बाहर जाएंगे, चाहे जो परिणाम हो हम जरूर निकलेंगे, जेल जाना होगा तो जेल तक जाएंगे।