यूपी: हैवानियत की भेंट चढ़ी एक और मासूम, 40 वर्षीय पड़ोसी ने दुष्‍कर्म के बाद कर दी हत्‍या

घर के आंगन में ही धान के पुआल में छिपा दिया बच्‍ची का शव

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बांदा जिले में एक और मासूम हैवानियत की भेंट चढ़ गयी। हैवानियत करते हुए एक शख्‍स ने मासूम बालिका की हत्‍या कर डाली। राज खुलने के डर से मासूम के शव को धान के पुआल में छिपा दिया। बाद में ग्रामीणों ने जबरन घर में घुसकर पता किया तो पुलिस ने बच्‍ची का शव शख्‍स के घर के आंगन से ही बरामद किया। मामला बांदा जिले के मर्का थाना क्षेत्र का है। यहां गांव में पांच साल की मासूम की दुष्‍कर्म करने के बाद हत्‍या कर दी गयी है। पड़ोस के रहने वाले 40 वर्षीय युवक ने ही घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी पर दुष्‍कर्म का मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ़्तार कर लिया है।

मर्का थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति सूरत में साड़ी छपाई का काम करता है। उसकी पत्नी, दो बेटी और दो बेटों के साथ गांव में रहती है। उसकी 5 साल की बच्ची रविवार की शाम चार बजे के आसपास अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी ने उसे लइया, नमकीन खिलाने का लालच देकर अपने घर में बुलाया। बच्ची जैसे ही उसके घर दाखिल हुई, उसने दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी लुंगी से गला कस दिया। मौत होने के बाद बच्ची का शव उसने आंगन में जमा पुआल में छिपा दिया।

उधर, जब बच्ची घर के सामने नहीं मिली तो उसके परिवार वाले परेशान हो उठे। उसकी खोजबीन की गई तभी एक शख्स ने बताया कि बच्ची को आखिरी बार आरोपी पड़ोसी के घर जाते देखा था। परिवार वालों ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने जानकारी होने से मना कर दिया। लेकिन परिजन घर के भीतर बच्ची को खोजने के लिए दाखिल होने लगे तो आरोपी उलझ गया। आखिरकार ग्रामीण जबरन घर में दाखिल हो गए। पुआल को उलट-पलटकर देखा गया तो बच्ची का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने आरोपी को पीटना शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतका के चाचा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित शराब का लती है। उसकी मध्य प्रदेश के सतना स्थित हड़हा गांव निवासी महिला से शादी हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन नशे की लत के कारण 12 साल पहले पत्नी ने उसे छोड़ दिया था। आरोपी घर में अकेला रहता है।