यूपी: जालौन की यमुना नदी में नहाने गए पांच युवक डूबे, दो के शव बरामद, तीन को बचाया

कड़ी मशक्‍कत के बाद करीब 13 घंटे बाद मिले हैं दो युवकों के शव 
 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के जालौन में गुरूवार देर शाम यमुना नदी में नहाने गए पांच युवक डूब गए। पांचों युवक दोस्‍त बताए जा रहे हैं। हादसा कालपी क्षेत्र में हुआ है। डूबे युवकों में से तीन को बचाया गया है बाकी दो युवकों के नदी की बीच धारा में आ जाने के कारण उनके शव नहीं मिले थे। आज करीब 13 घंटे के बाद शुक्रवार को बाकी दो युवकों के शव भी मिल गए हैं।

इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और डूबे युवकों को खोजने का प्रयास शुरू कर दिया। शुक्रवार को 13 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव थोड़ी दूर पर गहराई में मिले। जवान बेटों की मौत की खबर सुनकर परिवार का हाल बुरा है। इनमे से मृतक कन्हैया की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां बेहोश हो गयी। आनन फानन में डॉक्टर ने उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

मंदिर में दर्शन करने गए थे 5 दोस्त

घटना कालपी कोतवाली क्षेत्र के किला घाट स्थित बिहारी मंदिर की है। बताया गया है कि कालपी के रहने वाले पांच मित्र राहुल द्विवेदी, कन्हैया दीक्षित, प्रांशु, अर्पित सोनी और रामलखन गुरूवार देर शाम 5:30 बजे के करीब किला घाट स्थित बिहारी मंदिर पर दर्शन करने के लिए गए हुए थे। जहां उन्होंने यमुना नदी में नहाने का मन बना लिया। पांचों लोग यमुना नदी में नहाते नहाते नदी की बीच धार में पहुंच गये। गहराई का अंदाजा न होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया। जिस कारण पांचों लोग डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों ने यह देखा तो युवकों को बचाने के प्रयास में नदी में कूदे। जहां पांच दोस्तों में से 3 प्रांशु, अर्पित सोनी और रामलखन को बचा लिया गया। जबकि राहुल और कन्हैया युमना की बीच धार में पहुंच जाने के कारण डूब गये।

इस घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवकों को खोजने का प्रयास किया। धीरे-धीरे अंधेरा होने के कारण गोताखोरों को दोनों युवकों को ढूंढने में परेशानी हो रही थी। फिर पुलिस ने रोशनी की व्यवस्था की और गोताखोरों को फिर नदी में उतारा। रात भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार को लगभग 13 घंटे बाद थोड़ी दूर जाकर यमुना की गहराई में दोनों के शव बरामद हो गए हैं।