यूपी: फिल्‍मी स्‍टायल में कुछ इस तरह लड़कियों का मेकअप करके प्रेमिका की शादी में पहुंच गया प्रेमी, और खुल गयी पोल

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। प्रेमिका की शादी में प्रेमी महिला का वेश बनाकर समारोह में पहुंच गया। महिलाओं के बीच बैठकर उसने हंसी मजाक भी किया लेकिन प्रेमी की चालाकी काम नहीं आयी और वह जल्‍द पकड़ा गया। प्रेमिका से मिलने के लिए प्रेमी ने बाकायदा साड़ी पहनकर औरत का रूप बनाया था। यह अजीबो गरीब मामला यूपी के भदेाही जिले का है। प्रेमी दुल्हन बनकर शादी समारोह में उसके घर पहुंच गया। वह महिलाओं के बीच बैठा था, इसी दौरान किसी को शक हो गया। महिलाओं ने उसका घूंघट हटाया तो उसके नकली बाल जमीन पर गिर गए।

फिर क्या था हंगामा हो गया। उसकी महिलाओं ने पिटाई कर दी। इस बीच मौका पाकर वह फरार हो गया। महिला बनकर पहुंचे युवक ने एकदम नई नवेली दुल्हन की तरह श्रृंगार किया था। उसने लहंगा पहनकर नकली बाल भी लगाए थे। चर्चा है कि युवक शादी वाले घर में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए पहुंचा था।

पूरा मामला गोपीगंज कस्बे का है। यहां एक लड़की की 31 मई को शादी थी। एक जून की सुबह दुल्हन की विदाई हुई। विदाई के बाद परिवार की महिलाएं एक जगह बैठी थीं। इसी बीच एक युवक लाल जोड़े में महिलाओं के कपड़े पहनकर घूंघट डाले हुए उन महिलाओं के बीच में जाकर बैठ गया। उस वक्त किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन कुछ देर बाद उसके हाव-भाव देखकर महिलाओं को शक हुआ। महिलाओं ने कहा- एक दुल्हन तो विदा हो गई। दूसरी कहां से आ गई।

हंसी ठिठोली के बीच महिलाओं ने उससे परिचय पूछा तो उसने महिलाओं के अंदाज में बोलना शुरू कर दिया। महिलाओं ने घूंघट हटाने के लिए कहा तो वह आनाकानी करने लगा। पकड़े जाने के बाद भी उसने महिलाओं की आवाज निकालकर भ्रमित करने की कोशिश की। इस दौरान उसकी पिटाई भी की गई। लोग पुलिस को सूचना देने ही वाले थे कि तभी बाइक से दो युवक पहुंचे और वह दौड़कर बाइक पर बैठकर मौके से भाग गया। तब से युवक का कहीं कुछ पता नहीं चल रहा है।

इलाके में चर्चा है कि जिस घर में शादी थी, उसी घर में युवक की प्रेमिका भी आई हुई थी। शादी के चलते घर में भीड़ थी। ऐसे में युवक को लगा कि दुल्हन बनकर वहां जाने से उसे कोई पकड़ नहीं पाएगा। हालांकि, उसका यह नाटक कुछ ही देर चल पाया। हालांकि, परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की है।