सुलतानपुर: चुनावी रंजिश और वर्चस्‍व की लड़ाई में जबर्दस्‍त फायरिंग, सात लोग बने गोलियों का निशाना

दो परिवारों के बीच गैंगवार जैसा संघर्ष, गांव में तनाव का माहौल

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। चुनावी रंजिश और वर्चस्‍व की लड़ाई गैंगवार तक जा पहुंची। यूपी के सुलतानपुर जिले में दो अलग अलग परिवारों के बीच गैंगवार हो गयी। दरअसल पंचायत चुनावों में अपने अपने समर्थित प्रत्‍याशी को जिताने के लिए दोनों परिवार प्रयास कर रहे थे। यहां पंचायत चुनावों का मतदान हो गया है। इसी वर्चस्‍व की लड़ाई में आज दोनों परिवारों के बीच जमकर फायरिंग हुयी। फायरिंग से करौंदीकला थाना क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। ताबड़तोड़ हुई कई राउंड फायरिंग में एक ही परिवार के करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। फिलहाल पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रहे हैं।

घटना करौंदीकला थाना क्षेत्र के मेवपुर बरचौली गांव की है। विनोद सिंह और जितेंद्र सिंह के परिवार में वर्चस्व को लेकर विवाद सालों से चला आ रहा है। सोमवार को संपन्न हुए पंचायत चुनाव में अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए दोनों परिवारों में तनातनी हो गई।

दरअसल यहां की सीट आरक्षित थी बावजूद इसके बूथ पर भी दोनों उलझ गए थे। इन्हीं सब बातों को लेकर आज जितेंद्र सिंह पुत्र राम नेता सिंह, अमित सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह और विपिन सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह हाथों में रायफल लेकर निकले और ललकारते हुए विनोद के परिवार से उलझ गए।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जितेंद्र सिंह व उनके पुत्रों ने गालीगलौज करते हुए किस प्रकार रायफल से अंधाधुंध फायरिंग की। दबंगों द्वारा की गई फायरिंग में राजन (30), सत्यम सिंह (25), हर्ष (18),शालिनी सिंह (28) पत्नी राजन सिंह, राजेश सिंह(40), संजय मिश्रा(40) और रोहित सिंह (25) को गोलियां जा लगी। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए हैं।

एसपी विपिन मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के मध्य रास्ते के विवाद में दूसरे पक्ष ने आज प्रथम पक्ष पर फायरिंग कर दी। जिसमें प्रथम पक्ष के 7 लोगों को चोटे आयी हैं। सभी घायलों का जिला अस्तपताल में इलाज चल रहा है। द्वितीय पक्ष के 7 अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है व घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी .315 बोर रायफल, एक अवैध .315 बोर रायफल,10 खोखा व 2 जिन्दा कारतूस .315 बोर एवं 8 खोखा व 6 जिन्दा कारतूस .32 बोर बरामद हुआ है।