कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने को आज प्रियंका गांधी लखनऊ पहुंचेंगी, प्रदेश के नेताओं से मुलाकात

बैठक करके चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा, दो दिन राजधानी में रूकेंगी गांधी

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। साल 2022 के चुनावों में बुझी कांग्रेस को धार देने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज शुक्रवार को राजधानी लखनऊ पहुंच रही हैं। विधानसभा चुनावों के नजदीक आने पर अब कांग्रेस भी पूरी तरह चुनावी मोड में आना चा‍हती है। प्रियंका गांधी दो दिनों तक लखनऊ में रहेंगी। इस दौरान उनका प्रदेश स्‍तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम है। यहां प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी लेंगी और चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगी।

कार्यकर्ताओं ने भव्‍य स्‍वागत की तैयारी की

कांग्रेस महासचिव के आगमन को लेकर प्रदेश मुख्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है। बाहर सड़क झंडे बैनर होर्डिंग से पटी हैं। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक करीब 28 जगह कांग्रेसी उनका स्वागत करेंगे। प्रियंका दिल्ली से दोपहर 12:00 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगी। प्रियंका गांधी लखनऊ पहुंचने के बाद प्रदेश मुख्यालय में 2:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इससे पहले 27 दिसंबर 2019 को लखनऊ आई थीं।

नारायण रोड के आवास में रूकेंगी

लखनऊ में अपने प्रवास के दौरान प्रियंका प्रयागराज नारायण रोड स्थित निजी आवास में रुकेंगी। यह आवास उनके रिश्तेदार और पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल का है। कांग्रेस नेत्री के प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस मुख्यालय में उनकी मौजूदगी के दौरान पार्टी के स्तर से जारी किए गए पास के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति होंगी।