यूपी कांग्रेस में नई जान फूंकने को खुद प्रियंका गांधी लड़ेंगी विधानसभा चुनाव, अमेठी या रायबरेली पहली पसंद

गांधी परिवार की पहली सदस्‍य होंगी जो विधानसभा चुनाव लड़ेंगी

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी कांग्रेस में नई जान फूंकने के लिए प्रियंका गांधी खुद चुनाव मैदान में उतरेंगी। प्रियंका गांधी अमेठी या रायबरेली से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। असल में यूपी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का वर्चस्‍व बढ़ाने के लिए हाईकमान पूरा जोर लगा रहा है। लगातार प्रियंका गांधी उत्‍तर प्रदेश का दौरा कर रही हैं कार्यकर्ताओं और वरिष्‍ठ नेताओं से प्रियंका गांधी कई दौर की वार्ता कर चुकी हैं। मालूम हो कि प्रियंका गांधी यूपी कांग्रेस की प्रभारी हैं और पार्टी में राष्‍ट्रीय महासचिव की जिम्‍मेदारी भी संभाल रही हैं। प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव लड़ने वाली गांधी परिवार की पहली सदस्‍य होंगी इससे पूर्व गांधी परिवार के सदस्‍य केवल लोकसभा चुनाव ही लड़ते आए हैं।  

सूत्रों का कहना है कि प्रियंका की पहली पसंद अमेठी है, क्योंकि वहां राहुल गांधी की हार का बदला लेने के लिए अमेठी में लोकसभा चुनावों की जमीन तैयार करेंगी, जिससे स्मृति ईरानी को 2024 के लोकसभा चुनावों में चुनौती दी जा सके।

रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने दिया है ये सुझाव

बीते दिनों लखनऊ में हुई मीटिंग में एडवायजरी कमेटी ने भी प्रियंका से कहा था कि उनके चुनाव मैदान में आने से कांग्रेस को UP में नई ताकत मिलेगी। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी प्रियंका को सुझाव दिया था कि उन्हें विधानसभा चुनाव में खुद मैदान में उतरना चाहिए। हालांकि प्रियंका गांधी ने चुनाव लड़ने या ना लड़ने को लेकर खुद कोई संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी के ऑफिस की तरफ से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए रायबरेली और अमेठी के डेटा जुटाए जा रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी के चुनाव हार जाने के बाद वहां गांधी परिवार का दबदबा कम हुआ है। वहीं, कांग्रेस चेयरपर्सन सोनिया गांधी की सेहत ठीक नहीं होने के चलते रायबरेली में भी गांधी परिवार का जनता से संपर्क कम हुआ है।

ऐसे में प्रियंका के चुनाव लड़ने से अमेठी और रायबरेली क्षेत्र की जनता के साथ कांग्रेस के संबंधों को मजबूती मिल सकती है। रायबरेली और अमेठी बरसों से गांधी परिवार का गढ़ रहा है और प्रियंका इस रिश्ते को कमजोर नहीं होने देना चाहती हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद तो औपचारिक रूप से कह चुके हैं कि UP विधानसभा चुनाव में प्रियंका कांग्रेस का चेहरा होंगी। रायबरेली में 1952 से लेकर 2019 तक लोकसभा चुनाव में सिर्फ तीन बार कांग्रेस हारी है। 1977, 1988 और 1996 में इस सीट पर कांग्रेस को हार मिली थी। इस सीट से फिरोज गांधी, इंदिरा गांधी, शीला कौल, अरुण नेहरू और सतीश शर्मा चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।