प्रयागराज: लाकडाउन में बेरोजगार हुए युवक ने यमुना पुल से कूदकर जान दी

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के प्रयागराज में एक शख्‍स ने आर्थिक तंगी के कारण यमुना पुल से कूदकर जान दे दी। लाकडाउन में युवक के पास रोजगार नहीं बचा था जिस कारण से वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। युवक ने गुरूवार रात यमुना ब्रिज से छलांग लगा दी। देर रात पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया। लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। शुक्रवार को दोपहर में 12:30 बजे उसके बेटे ने उसकी पहचान की, तब उसके बारे में पता चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शहर कोतवाली अंतर्गत 207 गुड मंडी चौक निवासी दीपक गुप्ता (40) पुत्र रमेश चंद्र गुप्ता एक चाय की दुकान पर काम करता था। उसी से वह पत्नी बबीता गुप्ता बेटे राज व छोटू का पालन पोषण करता था। नौवीं क्लास में पढ़ने वाले बेटे राज ने बताया कि दुकान बंद होने की वजह से पापा का काम भी छूट गया था। जिसकी वजह से वह घर में रहने लगे थे। उससे पहले मार्च में उनका एक्सीडेंट हो गया था। जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। काम-धंधा छूटने की वजह से और परेशान हो गए थे। इधर जब से लॉकडाउन में कुछ छूट मिली थी, वह काम की तलाश में इधर-उधर भटक रहे थे लेकिन काम नहीं मिल पा रहा था। घर में पैसे की बहुत जरूरत थी।

राज के मुताबिक गुरुवार की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच में पापा घर से बिना किसी को कुछ बताए निकल गए थे। उसके बाद वह पूरी रात नहीं लौटे। हम लोग उनका इंतजार करते रहे। शुक्रवार को सुबह उनकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि कीडगंज थाना क्षेत्र में नए पुल के नीचे यमुना में एक व्यक्ति की लाश मिली है। वह हम लोग भागकर कीडगंज थाने गए। वहां जो लाश मिली थी उसको देखा तो पता चला कि वह हमारे पापा दीपक गुप्ता की ही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।