प्रयागराज: खेत पर गयी थी मां, पड़ोसी युवक ने दस वर्षीय बालिका का कर डाला रेप

युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज, पुलिस कर रही तलाश

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के प्रयागराज में पड़ोसी युवक ने दस साल की मासूम बालिका के साथ दरिंदगी कर दी। घटना के वक्‍त बालिका घर में अकेली थी। उसकी मां खेत पर गयी हुयी थी जब मां खेत से लौटी तो बालिका ने अपने साथ हुयी घटना के बारे में मां को बताया। बालिका की मां ने युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी है। यह मामला प्रयागराज के यमुनापार इलाके का है यहां करछना थाना में सोमवार की शाम को दरिंदे ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

करछना थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी यह व्यक्ति मेहनत-मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता है। सोमवार को वह सुबह मजदूरी करने चला गया था। घर पर पत्नी और 10 वर्षीय बेटी थी। शाम को महिला अपनी बेटी को घर में छोड़कर खेत में चारा काटने गई थी। इसी बीच गांव में रहने वाला कमलेश (20 साल) उसके घर पहुंच गया। उसने लड़की के साथ रेप किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

ज्यादती का शिकार हुई बच्ची को ब्लीडिंग हो रही थी। वह दर्द से तड़प रही थी, लेकिन डर के मारे जख्मी हालत में रोते हुए घर में दुबकी थी। जब मां वापस लौटी तो लड़की उससे लिपट कर रोने लगी। तब तक वह खून से लथपथ हो चुकी थी। समझाने पर लड़की ने सारी कहानी बताई। जिसे सुनकर उसकी मां के पैरों तले से जमीन खिसक गई। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करछना थाने में नामजद तहरीर दी। इंस्पेक्टर करछना राकेश कुमार सिंह ने पीड़िता पिता के शिकायत पर कमलेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लड़की को मंगलवार को मेडिकल के लिए भेजा जाएगा।

सीओ करछना राजेश यादव ने बताया कि आरोपी युवक फरार है। बच्ची के साथ घटना हुई है। उसे ब्लीडिंग हो रही थी। उसे अस्पताल भेजा गया है। मंगलवार को उसका मेडिकल कराया जाएगा, आरोपी की तलाश की जा रही है।