पीलीभीत: रेडक्रास ने वितरित किये मास्क, सैनेटाइजर और साबुन

जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को किया गया वितरण
 | 
भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को हाथों को सेनीटाइज करते रहना की दी सलाह

न्यूज टुडे नेटवर्क। वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से जिला अस्पताल और बाजार में मास्क, सैनिटाइजर और हाथ धोने के लिए साबुन वितरित किए गए।

गुरूवार को दोपहर रेडक्रॉस सोसायटी के आजीवन सदस्य जिला अस्पताल कैंपस में एकत्र हुए। उसके बाद प्रत्येक वार्ड में जाकर मास्क सैनिटाइजर और साबुन वितरण किया गया। जिला अस्पताल में आपात चिकित्सा कक्ष, जनरल वार्ड, प्री कोविड वार्ड तथा पोषण पुर्नवास केंद्र में इन सामग्री का वितरण किया गया। जिला अस्पताल में नर्सो को भी सेनेटाइजर और साबुन वितरित किये गए।

बाद में सदस्यों ने स्टेशन चौराहे के पास स्थित एक नर्सिंग होम जाकर वहां भर्ती मरीजों तथा उनके तीमारदारों को सैनेटाइजर, मास्क तथा साबुन वितरित किये। वितरण कार्यक्रम में आजीवन सदस्य व उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बरेली मंडल के अध्यक्ष निर्मल कांत शुक्ला, रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य कलीम अतहर खान, रमाकांत शर्मा, हर्षल सिंह, राकेश विक्रम सेन सक्सेना, सौरभ अग्रवाल, विकास अवस्थी, साकेत सक्सेना, विजय जायसवाल, डाॅ.दीपक गंगवार, डाॅ.पूनम गंगवार, धीरेंद्र सिंह के साथ इन दिनों जरूरतमंदों को मदद पहुंचा रहे समाजसेवी राजेश गंगवार, अचल यादव, अंकुर वर्मा, दिनेश गिरी शैलेंद्र आदि मौजूद रहे।

रेडक्रास राज्य कमेटी के सदस्य कलीम अतहर खान ने बताया कि लखनऊ से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और अन्य जरूरत का सामान भी आ रहा है। डीएम और सीएमओ केे निर्देश से अन्य सामान भी जल्द ही जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार को चौराहों पर ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों तथा होमगार्डो को सैनेटाइजर और साबुन वितरण का कार्य किया जाएगा।