समर्थन मूल्‍य का लाभ दिलाने को सप्‍ताह के चार दिन एक किसान से खरीदा जाएगा अधिकतम 50 क्विंटल गेहूं

शेष 02 दिवसों में प्रति किसान 50 कुन्तल से अधिक गेंहूँ की खरीद की जा सकेगी
 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्कउत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ प्रदान किये जाने के उद्देश्य से क्रय केन्द्रों पर सप्ताह में 04 दिन (सोमवार से बृहस्पतिवार) एक कृषक से अधिकतम 50 कुन्तल गेंहूँ की खरीद किये जाने की व्यवस्था की गयी है। इसके अतिरिक्त सप्ताह के शेष 02 दिवसों (शुक्रवार व शनिवार) में प्रति किसान 50 कुन्तल से अधिक गेंहूँ की खरीद की जा सकेगी। यह जानकारी खाद्य आयुक्त, मनीष चौहान ने यहां देते हुये बताया कि यह व्यवस्था दिनांक 31.05.2021 से प्रभावी होगी।

चौहान ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2021-22 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत 01 अपै्रल, 2021 से गेहूँ खरीद की जा रही है। प्रदेश में खाद्य एवं रसद विभाग तथा अन्य क्रय एजेन्सियों के 5678 क्रय केन्द्र संचालित हैं। अब तक 771504 किसानों से कुल 37.63 लाख मी0टन गेहूँ, मूल्य रू0 7431.27 करोड़ की खरीद की गई है, जबकि गतवर्ष पूरी क्रय अवधि में कुल 35.76 लाख मी0टन खरीद की गयी थी, इस प्रकार गतवर्ष से 1.87 लाख मी0टन अधिक खरीद हुई है। उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा 9.62 लाख मी0टन, पी0सी0एफ0 द्वारा 17.53 लाख मी0टन, पी0सी0यू0 द्वारा 4.55 लाख मी0टन, एस0एफ0सी0 द्वारा 0.825 लाख मी0टन, यू0पी0एस0एस0 द्वारा 3.16 लाख मी0टन, मण्डी परिषद द्वारा 0.961 लाख मी0टन एवं भा0खा0नि0 द्वारा 0.981 लाख मी0टन, कुल 37.63 लाख मी0टन की खरीद की गयी है।

खाद्य आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष गेंहूँ की बिक्री हेतु खाद्य विभाग के पोर्टल पर 1481773 किसानों द्वारा आॅनलाइन पंजीकरण कराया गया है जबकि गतवर्ष गेंहूँ खरीद हेतु कुल 794484 किसानों द्वारा अपना पंजीकरण कराया था। इस वर्ष किसानों द्वारा रिकार्ड पंजीकरण कराया गया है और अब तक 771504 पंजीकृत किसानों से गेंहूँ की खरीद कर न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ प्रदान कराया गया है।

क्रय केन्द्रों पर किसानों के बैठने के लिए छाया व पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की गयी है तथा कोविड-19 महामारी के संक्रमण से बचाव हेतु साबुन, पानी व सैनेटाइजर इत्यादि की व्यवस्था की गयी है। कोविड प्रोटोकाॅल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुये कृषक हित में खरीद की जा रही है। इस वर्ष गेहॅू का समर्थन मूल्य 1975 रू0 प्रति कुं0 निर्धारित किया गया है। खरीद 15 जून, 2021 तक जारी रहेगी।