झांसी: युवक दे रहा आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी, परेशान किशोरी ने फांसी लगाकर दे दी जान

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया वायरल करने की धमकी के बाद एक 15 साल की किशोरी ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। घटना यूपी के झांसी जिले की है। किशोरी एक आर्केस्‍ट्र पार्टी में काम करती है वहीं एक युवक ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था जिसे वह लगातार कई दिनों से वायरल करने की धमकी दे रहा था। इससे परेशान होकर किशोरी ने जान देने का फैसला कर लिया। पुलिस वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले युवक की तलाश में जुटी है।

मामला झांसी जिले के गुरसरांय थानाक्षेत्र का है। यहां की रहने वाली 15 साल की किशोरी ने फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों का कहना है कि किशोरी आर्केस्ट्रा में काम करती थी। इस दौरान एक लड़के ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। जिसे वह वायरल करने की लगातार धमकी दे रहा था। विरोध करने पर जब आरोपी लड़का नहीं माना तो परेशान होकर किशोरी ने फांसी लगा ली।

सीओ गरौठा अभिषेक राहुल के मुताबिक, मृतका के परिजनों ने डायल 112 पर फांसी लगाने की सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस कर्मियों ने किशोरी को फंदे से नीचे उतारा और अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मृतका ने यह कदम क्यों उठाया इसकी छानबीन की जा रही है। छानबीन के बाद कारण स्पष्ट होगा।