गोंडा: गांव के पंचायत घर में खेल रहे थे बच्‍चे तभी गिर गयी छत, दो की मौत, बारिश में हुआ हादसा

जर्जर हालत में है 25 साल पुराना पंचायत घर

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के गोंडा जिले में पंचायत घर की छत गिरने से दो बच्‍चों की मलबे में दबकर मौत हो गयी। पंचायत घर में गांव के छह बच्‍चे खेलने गए थे तभी बारिश होने लगी तो बारिश से बचने के लिए बच्‍चो पंचायत घर में ही रूक गए। इतने में पंचायत घर की छत धराशायी होने लगी, यह देखकर चार बच्‍चे तो बाहर आ गए लेकिन दो बच्‍चे भीतर ही रह गए और छत से गिर रहे मलबे की चपेट में आ गए।

जेसीबी से निकाले गए दबे बच्‍चों के शव

घटना रविवार शाम की है। रविवार को चकशिवरहा ग्राम में बारिश हो रही थी। साहिल (14) और राशिद (12) बकरी चराने गए थे। बारिश होने पर दोनों पंचायत भवन की छत के नीचे खेल रहे थे। तभी पंचायत भवन की छत भर भराकर गिर गई। दोनों बच्चे इसके नीचे दब गए।आस-पास के लोगों ने देखा तो फौरन जेसीबी मशीन बुलाई। उसके बाद दोनों बच्चों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही उनके घरमें कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जर्जर था पंचायत भवन

ग्राम प्रधान नबी अहमद ने बताया कि पंचायत भवन काफी जर्जर था। शनिवार से हो रही लगातार बारिश की वजह से उसकी छत अचानक भरभराकर गिर गई। जिससे पंचायत भवन में खेल रहे दो बच्चे साहिल और राशिद उसके नीचे दब गए। बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पंचायत भवन 25 साल पुराना है। इसकी दीवार पहले ही गिर चुकी है। चौखट आदि सामान चोर निकाल ले गए थे। उन्होंने बताया कि ब्लाक के अधिकारियों को एक सप्ताह पहले इसकी सूचना दी गई थी। यह स्थान आबादी से दूर है। यहां तालाब व मैदान होने के कारण लोग घूमने जाते हैं। वहां खेलने गए दोनों बच्चे बारिश में भीगने बचने के लिए वहां पर खड़े हुए थे।