आगरा में बेखौफ बदमाशों ने दिन दहाड़े मणप्‍पुरम गोल्‍ड के आफिस से की 8.50 करोड़ की लूट

हथियारों के दम पर स्‍टाफ को बंधक बनाकर बदमाश 17 किलो सोना और 5 लाख नकद लूट ले गए

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी में बदमाश बेखौफ दिन दहाड़े लूटपाट कर रहे हैं और सरकार पुख्‍ता कानून व्‍यवस्‍था का दम भर रही है। शनिवार को आगरा में दिन दहाड़े बदमाशों ने साढ़े आठ करोड़ की लूट कर दी। चार हथियार बंद बदमाशों ने बेखौफ होकर मणप्‍पुरम गोल्‍ड फाइनेंस के कार्यालय पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर पूरे स्‍टाफ को बंधक बना लिया। बदमाश वहां से मिनटों में 17 किलो सोना और पांच लाख रूपए कैश लूटकर फरार हो गए। दिन दहाड़ें करोड़ों की लूट की खबर पाते ही आईजी नवीन अरोड़ासमेत जिले भर की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

पुलिस ने एक आरोपी की पकड़ा

कंपनी में मौजूद एक संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसका नाम हर्ष बताया गया है। वो कपंनी से करीब 200 मीटर दूर पानी की टंकी के पास रहता है। वह फाइनेंस कंपनी के सामने मेडिकल स्टोर पर काम करता है। वहीं मैनेजर का कहना है कि लूट के दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट भी की थी।

ग्राहक बनकर आफिस में आए

बदमाशों की उम्र 22 से 26 साल के बीच बताई गई है। वो स्थानीय भाषा बोल रहे थे। ग्राहक बनकर दो-दो के जोड़े में कंपनी में घुसे थे। एक संदिग्ध पहले से मौजूद था। पहले उन्होंने मैनेजर से गोल्ड लोन लेने की बात की और अचानक सभी ने हथियार निकालकर गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मैनेजर समेत चारों कर्मचारियों को केबिन में बंद किया। बाद में मैनेजर को ले जाकर तमंचे के बल पर स्ट्रॉंग रूम खुलवाया। बदमाश अपने साथ बैग भी लेकर आए थे।

25 मिनट करोड़ों की लूट

बदमाश कंपनी में 2 बजकर 5 मिनट पर में घुसे थे। इसके बाद वो 2 बजकर 30 मिनट पर बाहर निकल गए। वारदात के समय कंपनी में कोई भी ग्राहक नहीं था। अंदर चार कर्मचारी थे। भागते समय बदमाश चैनल को बाहर से बंद कर गए थे। 2.48 बजे पुलिस को सूचना दी गई। 2.53 बजे पुलिस ने आकर चैनल खोला। वारदात के बाद सभी बदमाश पैदल ही अलग-अलग दिशाओं में भागे। एक बदमाश खाली हाथ था, जबकि तीन के पास बैग थे।

लूट करने वाले बदमाशों की संख्या 6 बताई जा रही है। इनमें से 4 बदमाश कैप लगाए थे, जबकि दो बिना कैप के थे। सभी ने मास्क भी लगाया हुआ था। लूट को अंजाम देने के लिए पहले 4 बदमाश ऑफिस में गए, जबकि दो बाहर खडे़ रहे। इसके बाद लूट को अंजाम दिया। भागते समय बदमाशों ने बगल के दुकानदार से पूछा भी कोई सायरन तो नहीं बजा। कई थानों का फोर्स आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। पूरे शहर की सीमाएं सील कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि संस्थान में सिक्योरिटी का कोई इंतजाम नहीं था। थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि कई बार आगाह किया गया था। अलार्म भी कई बार बज चुका है इसलिए लोगों को ज्यादा शक नहीं हुआ।