अपराध का अंत: आगरा के डाक्‍टर को अपहरण कर चंबल ले जाने वाले दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर

मारे गए बदन सिंह पर था एक लाख रूपए का इनाम

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। आगरा के सीनियर डाक्‍टर को अगवा कर चंबल ले जाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंर में मार गिराया है। बुधवार की देर रात हुए पुलिस एनकाउंटर में दो बदमाश ढेर किए गए हैं। मारे गए बदमाश बदन सिंह पर एक लाख रूपए का इनाम घोषित था।

जंगल में हुआ शूटआउट

SSP मुनिराज ने बताया कि डॉक्टर की किडनैपिंग मामले में फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह और उसका साथी अक्षय सिंह से रात करीब एक बजे मुठभेड़ शुरू हुई। पुलिस जगनेर थाना क्षेत्र के कठपुरा इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदन और अक्षय बाइक से तेज रफ्तार में आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वो तेज रफ्तार में ही भाग निकले।

मौके पर तैनात पुलिस ने कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। SSP मुनिराज, SP ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता, SOG और स्वाट की टीमें तुरंत अलर्ट हो गईं। सभी बदमाशों के पीछे लग गईं। पुलिस से घिरता देख बदन सिंह ने बाइक कछपुरा के जंगल की तरफ मोड़ दी। आगे उनकी बाइक फिसल गई। SSP का दावा है कि बड़ी संख्या में पुलिस बल को देखने के बावजूद दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी फायरिंग में पहले एक बदमाश को गोली लगी, जबकि एक आगे की तरफ भाग निकला। घायल बदमाश को पुलिस अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस की बाकी टीमें दूसरे बदमाश का पीछा करने लगी। कुछ दूरी पर उसने भी पुलिस पर फायरिंग कर दी और जवाबी फायरिंग में वह भी मारा गया। एनकाउंटर में पुलिस टीम के दो सदस्यों के घायल होने का भी दावा किया गया है।

SOG टीम ने एक आरोपी की शिनाख्त धौलपुर निवासी शातिर बदमाश एक लाख के इनामी बदन सिंह और दूसरे की अक्षय के रूप में की है। इस एनकाउंटर के दौरान SSP मुनिराज और SP वेस्ट सत्यजीत गुप्ता के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है और दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।