अयोध्‍या में तिरंगा यात्रा की अगुवाई को पहुंचे दिल्‍ली के डिप्‍टी सीएम सिसोदिया और राज्‍यसभा सांसद संजय सिंह

आज रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे, कल 14 सितंबर के निकलेगी यात्रा

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्‍ली के डिप्‍टी सीएम मनीष सिसोदिया और राज्‍यसभा सांसद संजय सिंह आज अयोध्‍या पहुंचेंगे। यहां हनुमानगढ़ी और रामलला का दर्शन पूजन करने के उपरांत संतों महंतों से भेंट वार्ता भी करेंगे। दोनों नेता यहां मंगलवार को निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। हाल ही में आगरा में तिरंगा यात्रा निकालने पर दोनों नेताओं पर योगी सरकार की ओर से केस दर्ज कराया गया था।

प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि मनीष सिसोदिया और संजय सिंह दोपहर में अयोध्या पहुंच रहे हैं। लखनऊ-अयोध्या रोड पर सहादतगंज में स्वागत होगा। दोपहर डेढ़ बजे हनुमानगढ़ी दर्शन व उसके बाद रामलला का दर्शन करेंगे। 14 सितंबर को तिरंगा यात्रा के जरिए पार्टी राष्ट्रवाद का संदेश आम जनता तक पहुंचाएगी। यात्रा दोपहर 1 बजे गुलाबवाड़ी से गांधी पार्क तक निकाली जाएगी।

सभाजीत ने बताया कि तिरंगा यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी। इस दौरान भाजपा सरकार की जाति-धर्म की राजनीति कर नफरत फैलाने और लोगों को आपस में लड़ाने के काम को उजागर करेंगे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रवाद से जनता को रूबरू कराएंगे।

सभाजीत सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा हो, मुफ्त में शिक्षा हो, विश्वस्तरीय शिक्षा हो, यह हमारे लिए राष्ट्रवाद है। गांव का गरीब किसान हो, रिक्शा चलाने वाला हो या आम आदमी हो सबके लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था हो। यही हमारे लिए राष्ट्रवाद है।

24 घंटे 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसान को उसकी फसल का उचित दाम, नौजवानों को नौकरी, माताओं बहनों की सुरक्षा, बुजुर्गों की पेंशन देना आम आदमी पार्टी का राष्ट्रवाद है। वर्तमान समय में राष्ट्रवाद की परिभाषा देश को तोड़ने वाले लोग दे रहे हैं।

आम आदमी पार्टी ने 14 सितंबर को गुलाबवाड़ी से गांधी पार्क पर होने वाली तिरंगा संकल्प यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के सिविल लाइन स्थित एक होटल सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को यात्रा को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई है। जिले के पार्टी कार्यकर्ता सभी गांव और कस्बों में तिरंगा संकल्प यात्रा को लेकर लोगों से संकल्प यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।