बरेली: आज से नहीं चलेगा युवाओं को वैक्‍सीन अभियान, रजिस्‍ट्रेशन के पोर्टल पर अपडेट नहीं हो रही जानकारी

बरेली प्रशासन के पास अभियान शुरू करने को पर्याप्‍त वैक्‍सीनेशन का स्‍टाक भी नहीं है

 | 

शासन के साथ वार्ता के बाद लिया गया फैसला

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। पहली मई से देश भर में शुरू होने वाला युवाओं के वैक्सीनेशन का अभियान बरेली में नहीं होगा।बरेली जिला प्रशासन के अधिकारियों की शासन से वीडियो कांफ्रेंसिंग में हुई वार्ता के बाद इसका फैसला लिया गया। दरअसल, 18 से 45 वर्ष के रजिस्ट्रेशन में शुरू से ही दिक्कत आ रही है।

सोमवार से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया में युवाओं का रजिस्ट्रेशन तो हो रहा था लेकिन, उन्हें किस अस्पताल में किस समय वैक्सीन लगवाने के लिए जाना है उसकी जानकारी पोर्टल पर नहीं आ रही थी।इसका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भी नहीं आ रहा था। जिसके चलते युवाओं को यह नहीं पता चल पा रहा था कि उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए कहां जाना होगा।इतना ही नहीं शुरू में तो 18 से 45 वर्ष की उम्र का स्लॉट भी नहीं आ रहा था।शुक्रवार तक इन सभी दिक्कतों को ठीक नहीं किया जा सका।इसके अलावा राज्य स्तर से होने वाली वैक्सीन की खरीद प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी थी।

यानी बरेली प्रशासन के पास वैक्सीनेेेेशन अभियान के लिए पर्याप्त वैक्सीन भी नहीं है।इसको लेकर शुक्रवार की दोपहर बरेली जिलेे के प्रशासनिक अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शासन स्तर के अधिकारियों से वार्ता की।उन्हें सभी पहलुओं से अवगत कराया।इसके बाद पहली मई से वैक्सीनेशन अभियान नहीं शुरू करने का फैसला लिया गया। अब वैक्सीन खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभियान शुरू किया जा सकेगा।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि वैक्सीनेशन अभियान की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।