बरेली: भरी पंचायत में तड़ातड़ चलीं गोलियां, भगदड़ मची, दो की मौत

लड़का, लड़की के प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर हो रही थी पंचायत

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बरेली जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर हो रही पंचायत में गोली चलने से दो लोगों की मौत हो गयी। बरेली के नवाबगंज क्षेत्र के जरेली गांव में लड़का और लड़की को लेकर हो रही पंचायत के दौरान गोलियां चलने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि छर्रे लगने से कई घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक नवाबगंज थाना क्षेत्र के जरेली गांव में पंचायत चल रही थी। इसी दौरान लड़का पक्ष लड़की पक्ष पर हिंसक हो गया।

लड़के पक्ष ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। जिसमे लड़की के पिता हैदर अली, एक अन्य व्यक्ति गुलशन अली की मौत हो गई। घटना में कई अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के आलाधिकारी के साथ कई थानों के फोर्स भी पहुंच गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

एसएसपी रोहित सजवाण ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव जरेली में एक विवाद सुलझाने को पंचायत चल रही रही थी। इसी दौरान लड़के पक्ष ने फायरिंग कर दी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।