अलीगढ़ जहरीली शराब कांड: नौ और लोग काल के मुंह में समाए, अब तक 104 लोगों की मौत

30 से अधिक लोगों का अलग अलग अस्‍पतालों में चल रहा इलाज

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से हुयी मौतों का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के दिन से अब तक अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से 104 मौतें हुयी हैं। गुरूवार रात और शुक्रवार सुबह तक नौ और लोगों की मौत भी हो गयी है। इन लोगों ने गुरूवार को शराब पी थी। जहरीली शराब पीने से अभी भी 30 से ज्‍यादा लोगों का जिले में अलग अलग अस्‍पताल में इलाज हो रहा है।

करसुआ गांव के लोगों ने जिला प्रशासन पर बड़ा आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन ने मुआवजा न देने के लिए मृतकों की संख्या कम बताई है। इसको लेकर ग्रामीण धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों ने 20 मृतकों की सूची जारी कर बताया कि उनके यहां से इन सभी की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। इन सभी को मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। उधर, CMO ने बीपी सिंह 98 मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 30 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है। इनमें से कई वेंटिलेटर पर हैं। CMO ने बताया कि मेडिकल कॉलेज और पोस्टमार्टम की मौत का आंकड़ा थोड़ा सा मिस मैच है।

ग्रामीणों ने सस्पेंड किए गए आबकारी अफसरों और शराबकांड के आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। कहा कि इन लोगों की मिलीभगत के चलते 100 लोगों की जान चली गई। सभी आरोपियों और अफसरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की गई। गांव के लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक वह धरने से नहीं हटेंगे।

10 उप-आबकारी आयुक्त भी हटाए

सरकार ने आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। 10 उप आबकारी आयुक्तों के तबादले एक साथ कर दिए। इससे पहले गुरुवार को ही अलीगढ़ में पुलिस महकमे में भारी फेरबदल किया गया था। जिले में एक दिन में ही 514 पुलिसकर्मियों का तबादला हो चुका है।

आबकारी विभाग की ओर से जारी सूची के मुताबिक, जैनेंद्र उपाध्याय उप आबकारी आयुक्त आगरा, विजय कुमार मिश्र उप आबकारी आयुक्त लखनऊ, जितेंद्र बहादुर सिंह उप आबकारी आयुक्त गोरखपुर और राजेंद्र कुमार सिन्हा उप आबकारी आयुक्त मुरादाबाद में तैनाती दी गई है।

इसी तरह श्याम प्रकाश चौधरी उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर, रविंद्र कुमार निगम उप आबकारी आयुक्त मुख्यालय प्रयागराज, शैलेंद्र कुमार राय उप आबकारी आयुक्त सहारनपुर, लाल बहादुर मिश्रा उप आबकारी आयुक्त आजमगढ़ बनाए गए हैं। सुनील कुमार मिश्र को उप आबकारी आयुक्त झांसी और विनय कुमार सिंह को उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।