आगरा: हास्पिटल के राउंड पर गए थे सीनियर डाक्‍टर, वापस लौटे ही नहीं, जानिए पत्‍नी को कैसे हुआ अपहरण का शक

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के आगरा में निजी अस्‍पताल के सीनियर डाक्‍टर अस्‍पताल के राउंड पर गए थे लेकिन वापस ही नहीं लौटे। शाम 8:30 बजे से डाक्‍टर का मोबाइल भी स्विच आफ हो गया है।  पत्‍नी ने डाक्‍टर के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पत्‍नी ने डाक्‍टर के अपहरण की भी आशंका जतायी है।

यमुना पार है अस्‍पताल

आगर के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में ट्रांस यमुना कालोनी फेस-2 स्थित विद्या नर्सिंग होम के संचालक डॉ. उमाकांत गुप्ता मंगलवार (13 जुलाई) की शाम को राउंड पर निकले थे। डॉक्टर की पत्नी डॉ. विद्या गुप्ता के मुताबिक, आम दिनों में वो 10 बजे तक राउंड से लौट आते थे। मगर, मंगलवार को रात 11 बजे तक वापस नहीं लौटे। मोबाइल भी रात 8:30 बजे से स्विच ऑफ बता रहा है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। एत्माद्दौला थाने में डॉक्टर की गुमशुदगी की तहरीर दी गई है।

लास्‍ट लोकेशन के आधार पर कार्रवाई शुरू

डॉक्टर के लापता होने की खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। डॉक्टर की अंतिम लोकेशन सैंया में मिली। इसके बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हो गई हैं। पुलिस ने सैंया में डेरा जमाया हुआ है। अपहरण की आंशका के चलते राजस्थान पुलिस से भी संपर्क किया गया है। पुलिस डॉक्टर के परिजनों से भी जानकारी कर रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जा रही हैं।