आगरा: शादी समारोह में काम करने गयी महिला के साथ हलवाई ने चार अन्‍य साथियों के साथ किया दुष्‍कर्म

सुबह सड़क किनारे फेककर फरार हुए आरोपी

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। शादी समारोह में काम करने आयी महिला के साथ कारीगर और उसके चार अन्‍य साथियों ने दुष्‍कर्म कर डाला। घटना को अंजाम देने के बाद दुष्कर्म के आरोपी महिला को बेहोशी की हालत में सड़क पर छोड़ गए। घायलावस्‍था में चौकी पहुंचकर महिला ने घटना की जानकारी दी तो पुलिस ने उसे इलाज के लिए भेजकर मेडिकल कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घटना यूपी के आगरा जिले की है। थाना एत्माउद्दौला क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शादी समारोहों में हलवाई के साथ पूड़ी बेलने का काम करती है। रविवार को वह थाना बरहन क्षेत्र के एक गांव में काम करने गई थी। महिला का आरोप है रात में हलवाई अपने एक दोस्त के साथ उसे समारोह स्थल से दूर ले गया और वहां पहले से ही तीन लोग मौजूद थे। पांचों लोग शराब के नशे में थे। उन्होंने एक कमरे के अंदर जबरन खींचा और दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे आंवल खेड़ा चौराहे पर छोड़ कर फरार हो गए।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजा। जहां हालात गंभीर देख उसे एसएन मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता के अनुसार महिला के पति की तहरीर पर दो नामजद शेरखा निवासी प्रेम सिंह और काका और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला का इलाज चल रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।