आगरा: ओवरब्रिज पर खड़े डीसीएम मिनी ट्रक से टकरायी बस, चार की मौत, 12 घायल

आगरा कानपुर नेशनल हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के आगरा में गुरूवार सुबह हुए भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी, इस हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। यहां आगरा कानपुर नेशनल हाईवे पर छलेसर ओवरब्रिज पर खड़ी डीसीएम मिनी ट्रक से एक बस की जोरदार टक्‍कर हो गयी। सभी घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कालेज भेजा गया है।

नेशनल हाईवे-2 के छलेसर फ्लाईओवर पर तरबूज से भरा DCM रात को खराब हो गया था। चालक ने उसे डिवाइडर की साइड में ही खड़ा कर दिया था। गुरुवार तड़के कानपुर से आगरा आ रही फोर्ट डिपो की बस इसी DCM में जा टकराई। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर होने के बाद बस डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में बस में सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 पैसेंजर्स घायल बताए जा रहे हैं।

यात्रियों के मुताबिक बस में लगभग 50 लोग बैठे थे। सुबह जब सभी नींद में थे तो अचानक ये हादसा हो गया। चारों तरफ चीख पुकार मच गई। हादसे में मरने वाली आगरा की दोनों महिलाएं अपनी चार अन्य रिश्तेदारों के साथ कानपुर से आगरा वापस आ रही थीं। उनकी मौत के साथ एक महिला के हाथ और पैर दोनों टूट गए। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए हैं। घायल अरुण ने बताया कि ड्राइवर ने खड़े हुए कैंटर में सीधी टक्कर मार दी थी। अभी उनकी तबीयत ठीक है पर हादसे के वक्त बस की हालत अभी तक याद है।

ये हैं मृतक

1. मनी पत्नी स्वर्गीय गुल निवासी शाहगंज आगरा उम्र करीब 60 वर्ष
2. रेशम पत्नी छगन निवासी शाहगंज आगरा उम्र करीब 65 वर्ष
3. मंडलेश्वर पुत्र ओमी निवासी विप्र पुर राजस्थान उम्र करीब 28 वर्ष
4. नरेंद्र सिंह चौहान पुत्र मुन्ना सिंह चौहान निवासी 86 /247 रामपुरवा अनवरगंज कानपुर नगर उम्र करीब 52 वर्ष