यूपी में लाकडाउन के बाद का सुखद अहसास, सहारनपुर से ही नजर आने लगीं हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। लाकडाउन के बाद प्रदूषण काफी कम हो गया है। पिछले 21 दिनों से लगे लाकडाउन के बाद अब सहारनपुर से ही शिवालिक और हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं भी दिखने लगी हैं। यह सुखद अहसास दिखने के बाद इसे लाकडाउन का सकारात्‍मक असर माना जा रहा है। सहारनपुर से दिखने वाली यह पर्वत श्रृंखलाएं अपर हिमालय की पहाड़ी हैं, जिनमें मसूरी का इलाका भी है। नार्थ ईस्ट की तरफ गंगोत्री की ऊंची पहाड़ियां हैं। इनसे आगे गौमुख की पहाड़ी हैं। और उसके करीब 20 से 25 किलोमीटर बाद चीन की सीमा शुरू हो जाती है।

सहारनपुर के इनकम टैक्स ऑफिसर डॉक्टर दुष्यंत कुमार ने यह तस्वीर गुरुवार शाम को ली। उन्हें फोटोग्राफी का भी शौक है। उन्होंने यह फोटो गुरुवार शाम अपने मकान की छत से बनाई है। उनका कहना है कि पिछले लॉकडाउन में भी एक बार पहाड़ियां चमकी थी। लेकिन इस बार अपर हिमालय व शिवालिक की पर्वत श्रृंखला बिल्कुल साफ नजर आई है।

उन्होंने बताया कि सहारनपुर देहरादून से सटा वेस्ट यूपी का जिला है। फोटो में शाम का जो नजारा नजर आ रहा है वह नॉर्थ ईस्ट 60 डिग्री है। बारिश के बाद यहां मौसम बिल्कुल साफ हुआ है। देखकर लगता नहीं है कि इन पहाड़ियों की दूरी 150 किलोमीटर से अधिक है। लेकिन सहारनपुर और अपर हिमालय की पहाड़ियों के बीच में कोई पहाड़ ही नहीं है।

गुरुवार यानी 20 मई काे सहारनपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स घटकर 90 पर आ गया। जबकि 1 सप्ताह पहले सहारनपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 130 से 140 के बीच रहा। अक्टूबर व नवंबर माह में दीपावली के समय हवा में प्रदूषण से बढ़ता है तो सहारनपुर का एक्यूआई 200 से 240 के बीच में चला जाता है।