लिव इन रिलेशनशिप में रहते हुए चौथी मंजिल से गिरी महिला, हुई दर्दनाक मौत, जानिए पूरा मामला...

 | 

न्यूज़ टुडे नेटवर्क! उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है जहां एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की बालकनी से गिरकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना को देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान अपार्टमेंट के लोगों ने तीन संदिग्ध आरोपियों को मौके से दबोच लिया, जिसमें एक आरोपी महिला का पति भी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार महिला यहां किसी व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सूचना मिलते ही एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अपार्टमेंट के लोगों द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि उक्त महिला के हाथ बंधे हुए थे। घटना थाना ताजगंज के नगला मेवाती स्थिति श्री अपार्टमेंट की है। महिला की उम्र करीब 30 साल है। उसकी पहचान रितिका सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह फिरोजाबाद के विपुल अग्रवाल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में यहा रह रही थी।

महिला का उसके पति आकाश गौतम से विवाद चल रहा था। बताया गया है कि आज आकाश अपने दो परिचितों और परिवार की दो महिलाओं के साथ फ्लैट पर आया था। जिसके बाद उसकीआपस में मारपीट हो गई। लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना करीब 11 बजे की है और लिफ्ट से जाने के दौरान उन्होंने महिला को गिरते हुए देखा था। इसके बाद वे लोग नीचे पहुंचे, जहां महिला खून से लथपथ पड़ी थी। लोगों ने इसके बाद तत्काल ही पुलिस के सूचना दी।