उत्तराखंड - गुरमीत सिंह बने प्रदेश के नए राज्यपाल, उत्तराखंड को पहली बार मिला पूर्व सैन्य अधिकारी गवर्नर

 | 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बृहस्पतिवार शाम कई प्रदेशों में नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी है। बता दे की राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्या का इस्तीफा गुरुवार को स्वीकार कर लिया था । बेबी रानी मौर्य के इस्तीफे के बाद बृहस्पतिवार को लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को उत्तराखंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह राज्य के आठवें राज्यपाल होंगे। साथ ही वह वरिष्ठ पूर्व सैन्य अफसर भी रह चुके हैं।

गुरूवार देर रात केंद्र सरकार ने लंबे मंथन के बाद लेफ्टिनेट जनरल सिंह के नाम पर मुहर लगाई। कई पदकों से सम्मानिक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्‍त) गुरमीत सिंह अपने कार्यकाल में सैन्य अभियानों के अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में सैन्य रणनीतिक मुद्दों की जिम्‍मेदारी संभाल चुके हैं। सेना में अपने कार्यकाल के दौरान वह एक दशक से अधिक समय तक कई विशेषज्ञ समूहों, संयुक्त कार्य समूहों और चीन अध्ययन समूह की बैठकों का हिस्‍सा रहे हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल सिंह अपने कार्यकाल में महत्वपूर्ण सैन्य राजनयिक और वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर आयोजित होने वाली बैठकों के लिए सात बार चीन का दौरा भी कर चुके हैं। लगभग चार दशकों की सेवा के बाद लेफ्टिनेंट जनरल सिंह फरवरी 2016 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्‍होंने सेना में अपनी सेवा के दौरान सेना के उप प्रमुख, सहायक जनरल और कश्मीर में नियंत्रण रेखा की निगरानी करने वाली 15वीं कोर के कोर कमांडर के पद पर काम किया है।

ले. जनरल (रिटा.) सिंह डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कोर्स से स्नातक है। उन्‍होंने चेन्नई और इंदौर विश्वविद्यालयों से दो एमफिल की डिग्रियां ली हैं। भारतीय सेना से अपने अध्ययन अवकाश के दौरान उन्‍होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भारत-चीन सीमा मुद्दे पर शोध कार्य भी किए हैं। इस नियुक्ति के अलावा राष्ट्रपति ने कुछ राज्यों के राज्यपालों के फेरबदल का भी आदेश दिया है।