हरेला पर्व पर इस जिले ने 5 लाख पौधे लगाकर बनाया नया रिकॉर्ड , पढ़िए पूरी खबर 

 | 

देहरादून: हरेला पर्व पर एक बार फिर शहरों से लेकर गांवों तक जबरदस्त उत्साह दिखा। इस उपलक्ष्य में देहरादून जिले में पौधारोपण का महाअभियान चलाया गया। महज एक घंटे में जिले में पांच लाख से अधिक पौधे रोप कर रिकार्ड स्थापित किया गया। हालांकि, इस बार जिला प्रशासन की ओर से चार लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। जबकि, पिछले साल हरेला पर तीन लाख 71 हजार पौधे लगाए गए थे। ऐसे में इस साल पौधरोपण का नया रिकॉर्ड बना। शुक्रवार को जिला प्रशासन के नेतृत्व में जनपद देहरादून में वन प्रभागों, विकासखंडों व नगरीय निकायों ने विभिन्न प्रकार के फलदार व वन प्रजातियों के कुल पांच लाख 436 पौधे रोपे। यह पौधारोपण दिन में 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे के बीच किया गया। इसका सजीव प्रसारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष सिटी पार्क में किया गया। जिलाधिकारी डा. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि विकासनगर, सहसपुर, रायपुर व मसूरी वन प्रभाग में कुल चार स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से फोटोग्राफी व वीडियो कवरेज की गई।

इतना ही नहीं हरेला पर्व पर पौधरोपण को लेकर जहां जीआईएस मैपिंग कराई गई, वहीं मुख्य कार्यक्रम का ड्रोन कैमरों की मदद से सीधा प्रसारण भी किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने खुद सिटी पार्क में रुद्राक्ष और परेड ग्राउंड में नीम का पौधा लगाया। हरेला पर्व के दौरान लगाए गए पौधों की सटीक जानकारी के लिए इस साल भी जीआईएस मैपिंग का इस्तेमाल किया गया। वहीं, ड्रोन से लगातार निगरानी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रशासन की ओर से बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई थी, जिसमें लगाए जा रहे पौधों की संख्या तुरंत अपडेट की गई। अभियान के दौरान शहरी क्षेत्रों में छायादार तो ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार और चारे वाले पौधे लगाए गए। साथ ही ग्रामीणों को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे अपने स्तर पर पौधों की रखवाली करें।