सचिन पायलट ने उत्तराखंड सरकार को लिया आड़े हाथ, महंगाई के मुद्दे को लेकर कही ये बात 

 | 

देहरादून : कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शुक्रवार को देहरादून पहुंचे हैं। देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है। देश के 250 शहरों में पेट्रोल के दाम 100 रुपए के पार हो गए हैं। इनकी कीमतें कम करना केंद्र सरकार के हाथ में है। जिसके लिए कांग्रेस पूरे देश में महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने ये भी कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन होना चाहिए। वहीं प्रेस वार्ता में पायलट ने किसान बिल को वापस लेने की मांग भी की।प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस भवन में राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट कार्यकर्ताओं से मिले।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी उपस्थित रहे। इससे पहले शुक्रवार को वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट का जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला देहरादून शहर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान कार्यकर्त्ताओं ने सचिप पायटल के समर्थन में नारे भी लगाए।

स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री पीके अग्रवाल, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, पूर्व दर्जाधारी मनीष कुमार, याकूब सिद्दीकी, शांति रावत, पार्षद कोमल वोहरा, दीप वोहरा, पार्षद रमेश मंगू समेत अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।