रुद्रपुर: स्मार्ट सिटी प्लान लेकर सीएम से मिले मेयर, जानिए क्या है रुद्रपुर की तस्वीर बदलने का प्लान

 | 

रुद्रपुर। मेयर रामपाल सिंह रुद्रपुर शहर की तस्वीर बदलना चाहते हैं, जिसके लिए उनके पास कई योजनाएं हैं। वे अपनी योजनाओं को लेकर मुख्यम॔त्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मिले। आज उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी योजनाओं पर सकारात्मक रुख दिखाया है। मेयर ने कहा कि अब नए युग की शुरुआत हो चुकी है।

देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस में भाजपा नेता विकास शर्मा के साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी से शहर की कई समस्याओं को लेकर विस्तार पूर्वक वार्ता करके लौटे मेयर रामपाल सिंह ने बताया कि वे रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में पार्क और पार्किंग की जरूरत है, जिसके लिए उन्होंने सिंचाई विभाग की 24.68 एकड़ भूमि मांगी है, जिसमें वह पार्क, पार्किंग और शापिंग माल बनाएंगे। सीएम धामी ने उन्हें जमीन देने के लिए आश्वस्त किया है।

उन्होंने नजूल नीति बना कर लोगों को मालिकाना हक देने के साथ ही कहा कि शहर में खाली पड़ी नजूल भूमि का स्वामित्व नगर निगम को दे दिया जाए,  ताकि उस भूमि का व्यावसायिक उपयोग किया जा सके। बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पर भी सकारात्मक रुख दिखाया और विधान सभा चुनाव से पहले ही इस समस्या का समाधान देने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने स्मार्ट सिटी के लिए अंडर ग्राउण्ड केबलिंग,  सिटी पार्क एवं प्रधानमंत्री आवास योजना आदि पर चर्चा की। इसके अलावा नगर निगम में रिक्त पड़े पदों की भर्ती की अनुमति मांगी। साथ ही कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग रखी।