रुद्रपुर: आग ठंडी हुई तो दुर्गा फाइबर में मिला नर कंकाल,  फैक्टरी ने किया यह ऐलान

 | 

रुद्रपुर। सिडकुल की दुर्गा फाइबर फैक्टरी में कल दोपहर लगी भीषण आग को 12 दमकलों ने बुझाया। आग ठंडी हुई तो एक श्रमिक का कंकाल बरामद हुआ। 

 मृतक बरेली जिले का निवासी बताया जा रहा है। कल फैक्टरी कर्मचारी देव स्वरूप पुत्र हरपाल लापता हो गया था। उसके आग में फंसे होने की आशंका थी। आग ठंडी हुई तो एक मानव कंकाल मिला। माना जा रहा है कि यह देव स्वरूप का ही होगा।

बता दें कल दोपहर सिडकुल के सैक्टर सात में स्थित दुर्गा फाईबर फैक्टरी में आग लग गयी थी। इस फैक्ट्री में डिस्पोजल, प्लेटे व गिलास आदि बनाये जाते थे। भीषण आग को बुझाने के लिए दमकल के 12 वाहनों को करीब पांच घंटे मशक्कत करनी पड़ी। अग्निकाण्ड में करोड़ों की क्षति का अनुमान है। बताया जाता है कि अग्निकाण्ड के दौरान करीब 100 कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे इन कर्मचारियों ने बमुश्किल बाहर निकलकर जान बचाई, लेकिन इनमें से एक श्रमिक आग की लपटों से घिर गया और खुद को नहीं बचा पाया। 

 देव अपने छोटे भाई और अन्य परिजनों के साथ ट्रांजिट कैम्प में किराये के मकान रह रहता था। फैक्ट्री मे अग्निकाण्ड की घटना के बाद वह जब वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिजनों ने उसकी कई जगह तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। जिस पर आज देवस्वरूप के परिजन सिडकुल चौकी पहुंचे और अग्निकाण्ड की घटना के बाद देव स्वरूप के लापता होने की जानकारी दी। जिस पर सिडकुल चोकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह परिजनों को लेकर फैक्ट्री पहुंचे। वहां छानबीन की गयी तो मौके पर एक जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। जिससे परिजनों में कोहराम मचा गया। जला हुआ कंकाल देव स्वरूप का ही होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक कंकाल का डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। डीएनए से पता चल पायेगा कि शव देव स्वरूप का है या किसी और का। उधर कंपनी के जीएम श्याम सुंदर आहूजा ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की घोषणा की है।