रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रुद्रपुर में ऐसे होगा ऐतिहासिक स्वागत: शिव अरोरा

 | 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी 23 जुलाई के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं,भाजपा जिला अध्यक्ष शिव अरोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी 23 जुलाई की सुबह 10 बजे जिला मुख्यालय पर पहुंचेंगे। बतौर सीएम धामी के ऊधम सिंह नगर के पहले दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा जोश है। 

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनपद ऊधम सिंह नगर की खटीमा विधानसभा सीट से विधायक हैं और सीएम बनने के बाद वे पहली बार अपने गृह जनपद आएंगे। पार्टी के ऊधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने सीएम के दौरे के मद्देनजर की जाने वाली तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए विशेष तौर से युवा कार्यकर्ताओं में खासा जोश है। अपने युवा सीएम के स्वागत में पलक पांवड़े बिछाने के लिये कार्यकर्ता सीएम के साथ गांधी पार्क से एक बाइक रैली निकालेंगे जो कि पार्टी के जिला कार्यालय में जाकर समाप्त होगी। मुख्यमंत्री धामी पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के अलावा जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी एक मीटिंग लेंगे,  जिसमें जिले की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति के बारे में वे जानकारी हासिल करेंगे। श्री अरोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी का रात्रि प्रवास रुद्रपुर में ही होगा, जिसके बाद 24 जुलाई की सुबह वे सड़क मार्ग द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र खटीमा के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा।