रुद्रपुर: दिहाड़ी पर मजदूर लाकर जिन्दाबाद के नारे लगवाए और गायब हो गए नेता जी, फिर मजदूरों ने किया यह

 | 

रुद्रपुर। लेबर अड्डे से चार सौ रुपए की दिहाड़ी पर तय करके लाए आम आदमी पार्टी के एक नेता ने उनसे नारे लगवाए और दिहाड़ी देने का वक्त आने पर गायब हो गया। दिहाड़ी न मिलने से नाराज श्रमिकों ने आम आदमी पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगा कर अपना आक्रोश जताया।

दरअसल आज आप का सदस्यता अभियान कार्यक्रम था। जिसमें अजय कोठियाल व दीपक बाली ने शिरकत की। उनके कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए कई दर्जन श्रमिकों को लेबर अड्डे से चार सौ रुपए की दिहाड़ी व दोपहर के भोजन पर तय किया गया था। इन श्रमिकों से नारे भी लगवाए गए। कार्यक्रम की समाप्ति पर  जो नेता श्रमिकों को तय करके लाया था वह कार में बैठ कर निकल लिया। बाद में श्रमिक अपनी दिहाड़ी मांगते रह गए।  

दिहाड़ी न मिलने से नाराज श्रमिक जो कुछ देर पहले आम आदमी पार्टी जिन्दाबाद के नारे लगा रहे थे उन्होंने आम आदमी पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाए। श्रमिक उस नेता को नहीं जानते थे, जो उन्हें दिहाड़ी पर तय करके लाया। फिलहाल मजदूर आक्रोशित थे। उन्होंने पुलिस चौकी पहुंच कर शिकायत की।