अल्मोड़ा-सल्ट विधानसभा चुनाव में छायी मंत्री यशपाल और महामंत्री भट्ट की जोड़ी, जीत के लिए ऐसे तैयार कर रहे रणनीति

 | 

अल्मोड़ा-उत्तराखंड के सल्ट विधानसभा पर उपचुनाव चल रहा है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस ने यहां पूरी ताकत झोंक रखी है। क्योंकि उत्तराखंड में 2022 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसलिए सल्ट विधानसभा के उपचुनाव को विधानसभा चुनाव 2022 से पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा है।  बीजेपी ने उपचुनाव में स्व. सुरेंद्र जीना के भाई महेश जीना को मैदान में उतारा है। सल्ट चुनाव की जिम्मेदारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट और कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, राज्यमंत्री धनसिंह समेत कई कार्यकर्ताओं को सौंपी है। 

सल्ट विधानसभा सीट पर चुनाव के नतीजों से विधानसभा चुनाव का माहौल तैयार होगा, इसलिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों इस उपचुनाव के नतीजे को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी तरह जुटे हुए हैं। भाजपा से महामंत्री सुरेश भट्ट और मंत्री यशपाल आर्य ने मोर्चा संंभाल रखा है। इस सीट पर कब्जा जमाने के लिए दोनों दिग्गज दिन-रात मेहनत में जुटे है। उपचुनाव के लिए 17 अप्रैल को होने वाले मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। सरकार के दो मंत्री, दो सांसद और पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारी जीत के लिए मैदान में उतर गये है।

कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट व अजय टम्टा और प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा को सल्ट के एक-एक मंडल का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही शक्ति केंद्र स्तर पर संयोजक नियुक्त करने के साथ ही विधायकों, प्रांतीय पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं प्रभारी भी बनाया गया है। बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। यही नहीं, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक अभी तक सल्ट में कई जगह सभाओं को संबोधित कर चुके हैं। कुल मिलाकर मंत्री यशपाल आर्य और भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट की जोड़ी पूरे चुनाव में छायी है। दोनों पूरी रणनीति के तहत उपचुनाव में जीत हासिल करना चाहते है।