रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर में भाजपा नेता की दिनदहाड़े हत्या

 | 

रुद्रपुर। पंतनगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी में भाजपा के मंडल महामंत्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार को सुबह उस समय हुई जब भाजपा नेता घर से बाहर निकले थे। घटना की पृष्ठभूमि में खनन की रंजिश होने की बात सामने आ रही है। हत्यारे फरार हो गए हैं।


जानकारी के अनुसार पंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम शांतिपुरी नंबर तीन निवासी भाजपा मंडल महामंत्री संदीप कार्की शनिवार को घर से गांव में घूमने निकले थे। गांव के पास सुबह करीब नौ बजे हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। संदीप कार्की को अचेतावस्था में उपचार के लिए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल लाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 


हत्याकांड की पृष्ठभूमि में खनन की रंजिश होने की चर्चा है। दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या की सूचना पर पंतनगर पुलिस व  सीओ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस घटना की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही हमलावर की तलाश की जा रही है। उधर, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।


एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।