रुद्रपुर: संदिग्ध हालात में दो शव मिले, इसीलिए जाहिर हो रही हत्या की आशंका

रुद्रपुर। शहर के खेड़ा कॉलोनी और पहाड़गंज मोहल्ले में अलग अलग दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में हत्या की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। खेड़ा बस्ती में हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत
 | 
रुद्रपुर: संदिग्ध हालात में दो शव मिले, इसीलिए जाहिर हो रही हत्या की आशंका

रुद्रपुर। शहर के खेड़ा कॉलोनी और पहाड़गंज मोहल्ले में अलग अलग दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में हत्या की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

खेड़ा बस्ती में हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। फतेहपुर केलाखेड़ा निवासी 55 वर्षीय सतपाल चौधरी उर्फ पप्पू आज वार्ड नं- 19 खेड़ा बस्ती में दीपक के मकान में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला के पास आया था।
बताया जाता है कि महिला का पति वाहन चालक है। सतपाल चौधरी का पहले भी यहां आना जाना रहता है। आज दोपहर महिला के घर में सतपाल चौधरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। बताया गया है कि परिजन सतपाल को ढूंढते हुए यहां पहुंचे तो मौके पर सतपाल को मृत मिला। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

सूचना पर एसपी सिटी देंवेंद्र पिंचा, एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, सीओ सिटी अमित कुमार, कोतवाल एनएन पंत, चौकी इंचार्ज केजी मठपाल व सहित एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतक के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं।
फिलहाल पुलिस ने महिला की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं मृतक के परिजनों ने महिला पर सतपाल की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तहकीकात शुरू कर दी है।

महानगर के पहाड़गंज क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक धीरेन्द्र पुत्र जगदीश का शव आज घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के शरीर में चोट के निशान होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।