देहरादून- नाइट कफ्र्यू लगने के बाद मंडी ने जारी किया आदेश,  सब्जियों के वाहनों को इतने बजे मिलेगी एंट्री

 | 

देहरादून-कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दून में नाइट कफ्र्यू घोषित कर दिया गया है। ऐसे में निरंजनपुर मंडी में भी इस दौरान कोई गतिविधि नहीं होगी। मंडी सचिव ने सभी आढ़तियों को रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक मंडी गतिविधियों पर रोक के बाबत आदेश जारी कर दिया है। सामान्य दिनों में मंडी परिसर में फल-सब्जी की आवक रात के समय होती है। मध्यरात्रि के बाद यहां बाहरी राज्यों व अन्य जिलों से फल-सब्जी के वाहन पहुंचते हैं। साथ ही आढ़ती दुकानों में सब्जियां रखवाते हैं। लेकिन, अब दून में नाइट कफ्र्यू के आदेश जारी होने के बाद मंडी की गतिविधियों का समय भी परिवर्तित कर दिया गया है। अब सुबह पांच बजे के बाद ही यहां वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। जिसके चलते मंडी में सब्जियों का लान-रखवाने का कार्य भी सुबह ही हो सकेगा।

इसके बाद सुबह नौ बजे के बाद ही फल-सब्जी आमजन के लिए उपलब्ध हो सकेगी। मंडी सचिव विजय थपलियाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से मिले दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मंडी में रात को कार्य बंद किया जा रहा है। इस संबंध में आढ़ती एसोसिएशन को अवगत करा दिया गया है। यहां रात 10 से सुबह पांच बजे तक किसी भी प्रकार के वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही दुकानों को भी पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। यदि आदेशों का उल्लंघन करते कोई पाया गया तो आपदा एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।