देहरादून-भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार निकले कोरोना पॉजिटिव, यहां हुए आइसोलेट

 | 

देहरादून- बंगाल विधानसभा चुनाव में एक जोन में भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभालने वाले उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार कोरोना संक्रमित हो गए हैं। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने कोरोना जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है।प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार हाल में बंगाल से दिल्ली प्रवास पर आए। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक दिल्ली में कोरोना के लक्षण नजर आने पर प्रदेश महामंत्री संगठन ने कोरोना जांच कराई। उनके द्वारा स्वयं को नोएडा में आइसोलेट किया गया है। साथ ही खुद के संपर्क में आए व्यक्तियों से सावधानी बरतने और कोरोना जांच कराने को कहा है। 


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रदेश महामंत्री संगठन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि महामंत्री संगठन लगातार चिकित्सकों के संपर्क में हैं और जल्द स्वस्थ होकर सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए पहुंचेंगे। वही विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार को फोन कर उनके स्वास्थ्य का हाल.चाल जाना। साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।