Eid-al-Adha 2021: आज है बकरीद,जानिए इस दिन का महत्व

 | 

Eid-al-Adha 2021: देश में बकरीद का त्योहार 21 जुलाई यानी आज मनाया जाएगा। इस्लामिक कैलेंडर के हिसाब से बकरीद का त्योहार 12वें महीने की 10 तारीख को मनाया जाता है। रमजान का महीने खत्म होने के 70 दिन के बाद बकरीद का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन इस्लाम धर्म के मानने वाले नमाज पढ़ने के बाद एक दूसरे को ईद की बधाई देते है और जानवर की कुर्बानी देते हैं। यह इस्लाम धर्म का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार होता है।  इस दिन बकरे या दुंबे (भेड़) की कुर्बानी दी जाती है।  कुर्बानी देने के बाद बकरे के गोश्त को तीन हिस्सों में बांटा जाता है। एक हिस्सा गरीबों में, दूसरा हिस्सा दोस्तों में और रिश्तेदारों में और तीसरा हिस्सा अपने पास रखा जाता है। कई लोग इस दिन दान पुण्य भी करते हैं।

बकरीद का महत्‍व
मीठी ईद के करीब 70 दिन बाद बकरीद (bakrid) मनाई जाती है। बकरीद को ईद-उल-अजहा या ईद-उल-जुहा भी कहा जाता है। बकरीद लोगों को सच्चाई की राह में अपना सबकुछ कुर्बान कर देने का संदेश देती है। ईद-उल-अजहा को हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। हजरत इब्राहिम अल्लाह के हुक्म पर अपनी वफादारी दिखाने के लिए अपने बेटे इस्माइल की कुर्बानी देने को तैयार हो गए थे। जब हजरत इब्राहिम अपने बेटे को कुर्बान करने के लिए आगे बढ़े तो खुदा ने उनकी निष्ठा को देखते हुए इस्माइल की कुर्बानी को तुंबे की कुर्बानी में परिवर्तित कर दिया।