महामारी के कहर के बीच अमरनाथ यात्रा निरस्‍त, अब तक हजारों लोगों ने करा लिए हैं यात्रा के पंजीकरण

पंजीकरण करा लेने वाले श्रद्धालुओं में मायूसी का माहौल

 | 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने श्री अमरनाथ यात्रा 2021 पर रोक लगाने का फैसला किया है। गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में लगे लाकडाउन के बाद सरकार ने अमरनाथ यात्राओं समेत सभी धार्मिक यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब इस साल फिर देश धीरे धीरे उन्‍हीं हालातों की ओर बढ़ रहा है। देश में कोरोना महामारी के बढ़ते कहर के बाद श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने कहा-कि कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण को अस्थायी रूप से निलंबित किया जा रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति में सुधार होते ही इसे फिर से खोल दिया जाएगा।

हालांकि अमर नाथ यात्रा के पंजीकरण शुरू होने के बाद अभी तक हजारों की संख्‍या में श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा में जाने के लिए पंजीकरण करा लिए हैं। अब अमरनाथ श्राइन बोर्ड के फैसले के बाद उन श्रद्धालुओं को भी झटका लगा है। उधर अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने भरोसा दिया है कि हालात सामान्‍य होते ही अमरनाथ यात्रा को फिर से खोल दिया जाएगा। लेकिन जिस तरह से देश में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं उन हालातों को देखते हुए इस साल भी अमरनाथ यात्रा होना संभव दिखाई नहीं दे रहा है।

गौरतलब है कि भारत में कोरोना संक्रमण की स्पीड पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है। पिछले 24 घंटे में भारत में अब तक के रिकॉर्ड 3,15,552 नए केस आए हैं। यही नहीं, 2000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। एक दिन में मिले केसों के मामले में भारत ने अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया है। अमेरिका में जनवरी में तीन लाख के ऊपर केस आए थे। भारत में इस समय 22 लाख से अधिक एक्टिव केस हैं। मई तक पीक पर रहेगा। भारत में कोरोना संक्रमण की स्पीड को रोकने विभिन्न राज्य अपने-अपने स्तर पर कड़े नियम-कायदे लागू कर रहे हैं। देश में महाराष्ट्र की स्थिति सबसे खराब है। उत्तर प्रदेश दिल्ली, कर्नाअक, केरल, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध प्रदेश, हरियाणा और तेलंगान ऐसे राज्य हैं, जहां केस अधिक आ रहे हैं।

हरियाणा में बंद नहीं होंगे उद्योग

मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा-हरियाणा में चलते हुए उद्योगों को बंद करने की सरकार की कोई योजना नहीं है और ना ही लॉकडाउन लगाने की कोई योजना है। जिन बाजारों में भीड़ होती है वहां पर हम शाम 6 बजे के बाद दुकानों को बंद करने की योजना बना रहे हैं।

दिल्ली का ऑक्सीजन कोटा बढ़ाया गया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और दिल्ली हाईकोर्ट का शुक्रिया करते हुए कहा कि पिछले दो-तीन दिन में उन्होंने बहुत मदद की है, जिसकी वजह से अब ऑक्सीजन दिल्ली पहुंचने लगी है। दिल्ली में ऑक्सीजन का कोटा 480 टन कर दिया गया है।

आंदोलित किसानों को लगेंगी वैक्सीन

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा की सीमा पर बैठे आंदोलित किसानों को वैक्सीन लगाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग और किसान नेताओं के बीच बातचीत होगी। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा-हम किसानों को यहां से जाने के लिए नहीं कहेंगे। हम 5 महीनें से यहां हैं, ये तो अब हमारा गांव है। यहां कैंप लगवाया जाए, हम वैक्सीन लगवाएंगे। हम यहां कम लोगों को रखेंगे और बैठक नहीं होगी, लोग आते जाते रहेंगे। आज हम 2 दिन के लिए हरियाणा जाएंगे।

इन राज्यों ने किया मुफ्त में टीकाकरण का ऐलान

मध्य प्रदेश के अलावा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, बिहार और केरल आदि राज्यों ने 1 मई से शुरू हो रहे 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन प्रोग्राम के तहत मुफ्त में वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है।