स्वामी प्रसाद, दारा सिंह के बाद भाजपा के आयुष मंत्री धर्म सिंह ने दिया इस्तीफा

लखनऊ, 13 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले पाला बदलने का क्रम जारी है। इसमें भाजपा की संख्या बढ़ती जा रही है। मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के बाद आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा दे दिया है।
 | 
स्वामी प्रसाद, दारा सिंह के बाद भाजपा के आयुष मंत्री धर्म सिंह ने दिया इस्तीफा लखनऊ, 13 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले पाला बदलने का क्रम जारी है। इसमें भाजपा की संख्या बढ़ती जा रही है। मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के बाद आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा दे दिया है।

सहारनपुर की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक धर्म सिंह सैनी ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेजा है। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के मंत्री मण्डल में आयुष एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रषासन विभाग में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में रहकर पूर्ण मनोयोग के साथ उत्तर दायित्वों का निर्वाहन किया है। किन्तु जिन अपेक्षाओं के साथ दलितों, पिछड़ो, किसानों, शिक्षित बेरोजगारों छोटे एवं माध्यम श्रेणी के व्यापारियों ने मिलकर भारतीय जनता पार्टी को प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनाने का काम किया। उनकी एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति लगातार हो रही उपेक्षात्मक रवैये के कारण मंत्री मंडल से इस्तीफा दे रहा हूं।

ज्ञात हो कि श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के योगी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने और सपा में शामिल होने के बाद से ही माना जा रहा था कि धर्म सिंह सैनी भी स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ही सपा में शामिल होंगे। सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट से चार बार के विधायक रहे डॉ. धर्म सिंह सैनी ने गत चुनाव में कांग्रेस के इमरान मसूद को हराया था। इमरान मसूद भी गत दिवस सपा में शामिल हो गए हैं। धर्म सिंह सैनी के सपा के टिकट पर नकुड़ विधानसभा सीट से ही लड़ने की संभावना है। स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ ही डॉ. धर्म सिंह सैनी ने बसपा छोड़ कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

--आईएएनएस

विकेटी/एएनएम