जिले भर में धूमधाम से मनाया गया 77वां स्वतंत्रता दिवस, कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीएम व एसएसपी ने किया ध्वजारोहण

स्कूलों में नन्हें मुन्हें बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यकम, दुल्हन की सजा पूरा शहर  

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली जिले में 77वां स्वतंत्रता दिवस मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिले भर के सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों, संस्थानों और कार्यालयों में तय समय पर ध्वजारोहण किया गया। स्कूलों में बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इससे पहले स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गयी। पूर्व संध्या पर पूरे शहर की सरकारी और ऐतिहासिक इमारतों को दुल्हन की सजाया गया था।

कमिश्नरी मुख्यालय पर कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर कमिश्नर ने कहा कि यह पावन दिन देश की आजादी के नायकों को समर्पित है। हमें अपने देश के वीर सपूतों को कभी भूलना नहीं चाहिए। डीएम शिवाकांत द्ववेदी ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। मिठाईयां खिलाकर सभी ने एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

एडीजी मुख्यालय पर एडीजी पीसी मीना ने ध्वजारोहण किया और पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों की शपथ दिलायी। आईजी रेंज डा राकेश सिंह ने कार्यालय में ध्वजारोहण करके स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पुलिस लाइन में एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अफसरों को परेड की सलामी दी गयी। शहीद स्मृति स्थल पर अफसरों ने देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नगर निगम कार्यालय पर मेयर डा उमेश गौतम ने ध्वजारोहण किया और निगम कर्मियों को स्वतत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मिष्ठान वितरण किया गया। नगर निगम की ओर से पूरे शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

बरेली विकास प्राधिकरण कार्यालय पर उपाध्यक्ष आईएएस जोगेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। उपाध्यक्ष ने कहा कि देशहित में सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का वहन करें।