सांसद संघमित्रा को घर बुलाने पर अल्पसंख्यक भाजपा नेता को मस्जिद में पीटा, वीडियो वायरल

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के संभल में भाजपा सांसद को घर बुलाकर स्वागत करना भाजपा के ही मुस्लिम पदाधिकारी को महंगा पड़ गया। इलाके के लोगों ने मुस्लिम भाजपा नेता की जमकर पिटायी कर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। रजपुरा के रहने वाले शाह आलम ने बदायूं की सांसद संघमित्र मौर्या को घर पर बुलाया था। शाह आलम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है। उसके घर पर ही मोर्चा की बैठक भी बुलायी गयी थी। इस बात से खफा होकर लोगों ने शाह आलम की मस्जिद में घेरकर जमकर पिटायी कर दी।

यही नहीं इसके बाद सड़क पर भी शाह आलम को लाठी डंडों से जमकर पीटा गया। मस्जिद में नमाज पढ़ने से रोकने के साथ साथ शाह आलम को बिरादरी से बाहर करने की मांग भी की गयी है। मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद रजपुरा के ही रहने वाले लईक अहमद ने माइक पर उसे अपमानित भी किया। कहा कि कुछ लोग मुसलमान होकर भी भाजपा के साथ हैँ ऐसे लोगों को मस्जिद में घुसने की इजाजत नहीं होनी चाहिए और बिरादरी से बाहर कर दिया जाना चाहिए।

इसका विरोध करने पर शाह आलम और उनके साथियों के साथ जमकर मारपीट की गयी। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस मारपीट कर रहे दस लोगों को अपने साथ ले गयी। घटना के बाद शाह आलम पक्ष के जुबैर, जैब और शमी किसी काम से शाम को कस्बे में निकले थे। इसी दौरान लईक अहमद पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया। बीच बाजार में लाठी डंडों से उनके साथ जमकर मारपीट की गयी।