लखनऊ: मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर योगी ने गिनायीं उपलब्धियां, कही ये बात

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। देश की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर सोमवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकार वार्ता करके सरकार की उपलब्धियां गिनायीं। योगी ने कहा कि नौ वर्ष का कालखंड नए भारत की नयी तस्वीर को दर्शाता है। योगी ने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका के राष्ट्र प्रमुखों द्वारा प्रधानमंत्री के सम्मान से 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान बढ़ा है। आज भारत के प्रति दुनिया मे प्रश्न नहीं, कौतुहल है... जिज्ञासा है। आज भारत के योग के साथ दुनिया के 190 देश जुड़कर सम्मान दे रहे है।'

कहा, 'आज हमारी सीमाएं सुदृढ़ हुई हैं। अटल बिहारी बाजपेई ने कहा था कि हम सब बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते। आज भारत की सीमाएं सुरक्षित हुई है, आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। अलगाववाद, आतंकवाद, नक्सलवाद के खिलाफ हम मजबूत हुए हैं। आज भारत की 140 करोड़ की आबादी के लिए जरूरत की चीजें मिल रही हैं, इन्फ्रास्ट्रक्चर बेहतर हो रहा है। हाईवे,एक्सप्रेस-वे, रेलवे, वाटर-वे ,पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए जो कार्य हो रहे हैं, वो अभूतपूर्व हैं।'

यूपी वाटर-वे में नंबर एक है। देश में 22 नए एम्स निर्माण हुए। गरीब कल्याण के भारत सरकार की कई योजनाएं समर्पित हैं। देश में 48 करोड़ जनधन खाते खुल गए हैं। आजाद भारत में 48 करोड़ लोगों के पास बैंक अकाउंट नहीं थे। आज उन्हें डीबीटी के जरिए सीधा फायदा मिल रहा है। इसका सबसे ज्यादा फायदा कोरोना काल में मिला है।

एक क्लिक मे उत्तर प्रदेश के एक करोड़ 75 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को लाभ मिला। हर योजना स्ववलंबन का आधार बनी है। 9 सालों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 54 लाख लोगों को घर मिले। यूपी में 2.61 करोड़ शौचालय बने। हमने इन्सेफलाइटिस से होने वाली मौतों पर काबू पाया है।