बरेली में भारी बारिश के दौरान ढहा मकान, मलबे में दब गयी दीवार किनारे सो रही महिला

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बरेली में भारी बारिश के के बीच दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक दो मंजिला मकान का हिस्सा भरभराकर ढह गया। वहीं दूसरे मकान में दीवार के सहारे सो रही महिला दीवार गिरने से मलबे में दब गयी। तमाम मशक्कतों के बाद महिला को मलबे से सकुशल निकाल लिया गया। जिला अस्पताल में दो घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

हादसा बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के भुर्जीटोला में हुआ। यहां किशनचंद ने बताया कि उनकी पत्नी गैलरी में सो रहीं थीं। रात करीब 12:30 बजे बारिश में पड़ोसी राजेंद्र के दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल भरभरा कर उनके मकान पर गिर गयी। जिससे पड़ोसी जगदीश शरण व उसके मकान की दीवारें गिरी गयीं। हादसे में दीवार के सहारे सो रहीं उनकी उनकी पत्नी मुन्नी देवी मलबे में दब गयीं।

चीखपुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग मदद को दौड़े और किसी तरह महिला को मलबे से बाहर निकाला। एक अन्य व्यक्ति भी हादसे में घायल हुआ है। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।