मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी सम्पन्न, बरेली मंडल में बीज, खाद की नहीं है कमी : मंडलायुक्त

 

न्‍यूज टुडे नेटवर्क। बरेली में मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में शुक्रवार को मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त को अवगत कराया कि बरेली मंडल में रबी की उत्पादकता में बढ़ोत्तरी करने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उर्वरक तथा बीज आदि की समुचित उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उनके गन्ना मूल्य का 82 प्रतिशत से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। शेष भुगतान की प्रक्रिया का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है।   

कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से मंडलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में लखनऊ से कृषि उत्पादन आयुक्त के अलावा अपर मुख्य सचिव (कृषि), कृषि निदेशक, निदेशक सहकारिता, निदेशक पशुपालन, प्रबन्ध निदेशक बीज विकास निगम, संयुक्त कृषि निदेशक अभियन्त्रण आदि शामिल हुए। कलेक्ट्रेट में मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार, जिलाधिकारी नितीश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त विकास आयुक्त, संयुक्त कृषि निदेशक सहित पीलीभीत, शाहजहांपुर तथा बदायूं के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने गोष्ठी में अवगत कराया कि बरेली मंडल में रबी की पूरी तैयारी कर ली गयी है। बीज, खाद एवं अन्य कृषि निवेशों की कोई कमी नहीं है। अधिक से अधिक उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नेपाल सीमा पर उर्वरक की कालाबाजारी रोकने हेतु लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है। प्र्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों के समन्वय से सख्त निर्देश जारी किये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बरेली मंडल में उद्यान के क्षेत्र में भी काफी उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। 

जिलाधिकारी नितीश कुमार नें गोष्ठी में प्रधानमंत्री सम्मान निधि में नए किसानों के पंजीकरण एवं विरासत प्रमाण पत्र के सम्बंध में चर्चा की। इस सम्बंध में बताया गया कि पोर्टल के अपडेशन का कार्य चल रहा है जो जल्दी ही पूर्ण हो जाएगा। 

गोष्ठी में बताया गया कि कम्बाईन धान की कटाई में सुपर स्ट्रामजेमेंट/ एसएमएस आवश्य लगा हो। बिना एसएमएस के कटाई कर रहे कम्बाईन हार्वेस्टर के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाए। पराली की समस्या पर भी चर्चा की गई और कहा गया कि पराली जलाना प्रतिबंधित है, इस सम्बंध में गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जाए। पराली की घटनाओं को रोकने हेतु व्यापक स्तर पर न्याय पंचायत स्तर पर गोष्ठियाँ होर्डिंग, वॉल पेन्टिग की जाए।

अपर कृषि निदेशक (बीज एवं प्रक्षेत्र) ने कहा कि रबी बीज जनपद स्तर को प्रेषित किये जा चुके हैं। जिसमें गेहॅ, चना, सरसों एवं राई का बीज उपलब्ध है। जिसमें किसानों के लिये अनुदान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गयी है। गन्ना की बुवाई का समय भी चल रहा है। किसानो को सहफसली खेती के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है।