बरेली: सैटेलाइट बस अड्डे पर गूंजी किलकारी, महिला यात्री ने की ऐसी मदद, देखें ये खबर

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। दिल्ली से बरेली होकर पति के साथ हरदोई से दिल्ली जा रही महिला ने बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे पर बेटी को जन्म दिया। महिला और नवजात पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनको जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरदोई निवासी सुखराम दिल्ली में नौकरी करते हैं। सोमवार को वह अपनी गर्भवती पत्नी विनीता के साथ हरदोई से दिल्ली जाने के लिए सेटेलाइट बस स्टैंड पहुंचे थे। यहां दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। 

इसी दौरान विनीता को प्रसव पीड़ा होने लगी। पत्नी की हालत देख पति परेशान हो गया। बस अड्डे पर मौजूद कुछ लोगों ने एंबुलेंस को कॉल की, लेकिन वह नहीं पहुंची। कुछ लोगों ने इस बारे में बस अड्डे के स्टाफ को जानकारी दी। 

ममता शर्मा नाम की महिला यात्री ने अन्य महिलाओं के सहयोग से विनीता का प्रसव कराया। विनीता ने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद पहुंची एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल भेज दिया गया। दोनों स्वस्थ हैं।