बरेली: भाजपा नेता की कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, गंभीर घायल

 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली में एक भाजपा नेता की कार ने नैनीताल हाईवे पर बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सीडेंट के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा भोजीपुरा के पास हुआ।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी की कार ने बिलवा पुल के समीप नैनीताल रोड पर बाइक सवार गांव परसोना निवासी युसूफ शाह (35) और चंगेज खान (36) को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

भाजपा नेता की कार में आधा दर्जन युवक सवार थे, जो भोजीपुरा से बरेली की तरफ जा रहे थे। हादसे में बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक हादसे के बाद रुकने के बजाय दोनों बाइक सवारों को दूर तक घसीटते ले गया। इस दौरान कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई।